Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच देश में आज भी पेट्रोल-डीजल के दामों पर लोगों की नजर बनी हुई है. तेल कंपनियों ने रोजाना की तरह सोमवार को भी फ्यूल के नए रेट जारी कर दिए हैं. दिल्ली में सामान्य पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर है, जबकि बिना एथेनॉल वाला पेट्रोल 167.35 रुपये और XP95 की कीमत 109.24 रुपये प्रति लीटर बताई गई है.
XP100 में 100-ऑक्टेन रेटिंग होती है और यह पूरी तरह एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल है. इसके मुकाबले सामान्य पेट्रोल और XP95 जैसे प्रीमियम ईंधन में एथेनॉल की मिलावट होती है. XP100 को दिसंबर 2020 में बाजार में उतारा गया था. इसे खासतौर पर बेहतर प्रदर्शन वाली गाड़ियों के लिए तैयार किया गया है. सुपरकार, लग्जरी सेडान और हाई-परफॉर्मेंस बाइक जैसे वाहनों में इस ईंधन का इस्तेमाल किया जा सकता है.
सरकार के एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम के तहत E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है. केंद्र सरकार और वाहन कंपनियां ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहती हैं कि E20 उन वाहनों के लिए सुरक्षित है, जिन्हें इसके इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है. हालांकि, कुछ वाहन मालिकों ने सोशल मीडिया पर पुरानी गाड़ियों में E20 के लंबे समय तक इस्तेमाल को लेकर चिंता जाहिर की है.
सोमवार को शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब एक प्रतिशत बढ़कर 84.48 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई. वहीं WTI क्रूड 78.89 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा. पिछले तीन कारोबारी सत्रों में कच्चे तेल की कीमत में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आ चुकी है. तेल की कीमतों में तेजी की बड़ी वजह ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत का आगे नहीं बढ़ना और होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने को लेकर समझौता न होना बताया जा रहा है. इससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर दबाव बढ़ने की आशंका है.
इंडियन ऑयल के मुताबिक, दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है. मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है. नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.56 रुपये, जबकि लखनऊ में पेट्रोल 101.86 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर है. पटना में पेट्रोल 112.70 रुपये और डीजल 99.87 रुपये, जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर है. भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये, जबकि इंदौर में पेट्रोल 114.61 रुपये और डीजल 99.70 रुपये प्रति लीटर है.