Courtesy: X (@AzamkhanMp022)
लखनऊ: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के कुनबे से जुड़ी एक और विवादित खबर सामने आई है। लखनऊ जेल से पैरोल पर अपने छोटे भाई के जनाजे में शामिल होने जा रहे मोहम्मद उमर के समर्थकों पर नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर हुड़दंग मचाने और दबंगई दिखाने का आरोप लगा है। पुलिस अभिरक्षा में चल रहे काफिले के पीछे शामिल दो दर्जन से अधिक वाहनों ने न केवल नियम-कायदों को ताक पर रखकर टोल बैरियर तोड़ा, बल्कि विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया। इस पूरी घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मामला अब पुलिस के पास पहुंच चुका है।
टोल कर्मियों को धमकी और कुचलने की कोशिश
घटना के वक्त जब टोल कर्मियों ने नियम के मुताबिक वाहनों को रोकने और टैक्स वसूलने का प्रयास किया, तो गाड़ियों में सवार लोगों का आक्रामक रुख देखने को मिला।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें अभद्र गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकियां दी गईं। दबंग चालकों ने विरोध कर रहे कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश भी की, जिससे कर्मचारियों ने ऐन मौके पर पीछे हटकर अपनी जान बचाई।
एनएच-19 पर दोपहर की सनसनीखेज वारदात
यह पूरी घटना बीते 8 अगस्त की दोपहर करीब 3:50 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा की है। दरअसल, अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की झांसी जाते समय एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल में बंद बड़े बेटे उमर और झांसी जेल से अली को पैरोल मिली थी। जब पुलिस सुरक्षा में उमर को लाया जा रहा था, तब पुलिस की गाड़ियों के पीछे उसके समर्थकों की गाड़ियों का एक लंबा काफिला भी चल पड़ा।
इस वक्त की बड़ी खबर। नवाबगंज थाने मे मरहूम अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के समर्थको तथा करीब 28गाड़ियों पर दर्ज हुआ मुकदमा।
— Azam Khan 𝗣𝗮𝗿𝗼𝗱𝘆 (@AzamkhanMp022) August 10, 2026
बताया जा रहा है की "लखनऊ जेल से आते वक्त प्रिज़न वैन के पीछे पीछे चल रहें समर्थको ने टोल पर नहीं दिया टोल और बैरिकेट भी तोड़ा। पुलिस ने कार्यवाही शुरू की। " pic.twitter.com/c1B3I63H3E
टोल बूथ नंबर तीन पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत और हेल्पर अंशुमन शुक्ला के अनुसार, सरकारी वाहनों के गुजरते ही काफिले में शामिल सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी (UP 32NJ 1458) और काले रंग की क्रेटा (UP 70 HP 8416) समेत लगभग 25 से 30 गाड़ियां बिना टोल टैक्स दिए तेज रफ्तार में बूम बैरियर तोड़ती हुई निकल गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवाबगंज टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जयप्रकाश यादव ने नवाबगंज थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। एफआईआर में साफ कहा गया है कि सरकारी बैरियर को नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ राजस्व को भी भारी चपत लगाई गई है। नवाबगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।