" />
menu-icon
The Bharatvarsh News

'लॉकअप 2' में पामेला सेरेन का चौंकाने वाला कबूलनामा, बोलीं- क्रिकेट सट्टेबाजी में थी शामिल

पामेला सेरेना खुद को बेघर होने से बचने के लिए अपने जीवन से जुड़ा सबसे बड़ा राज खोला. इस मौके पर पामेला ने अपने अतीत का एक ऐसा पन्ना पलट दिया, जिसने शो में मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया.

Calendar Last Updated : 26 July 2026, 02:45 PM IST
Share:

मुंबई: रियलिटी शो 'लॉकअप 2' का मंच इन दिनों ड्रामे और नए-नए खुलासों से गरमाया हुआ है. शो अब अपने आखिरी चरण की ओर बढ़ रहा है, जहां हर हफ्ते एलिमिनेशन की तलवार लटकते ही कंटेस्टेंट्स अपनी जगह पक्की करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं. हाल ही में पामेला सेरेना और सूफी मोतीवाला के सामने भी कुछ ऐसा ही मौका आया, जहां उन्हें बेघर होने से बचने के लिए अपने जीवन से जुड़ा सबसे बड़ा राज सार्वजनिक करना था. इस मौके पर पामेला ने अपने अतीत का एक ऐसा पन्ना पलट दिया, जिसने शो में मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया.

स्क्रीन पर 'मैच फिक्सिंग' देख उड़े पामेला के होश

जब पामेला को अपना सीक्रेट बताने का इशारा मिला, तो उसी समय बैकग्राउंड स्क्रीन पर बड़े अक्षरों में 'मैच फिक्सिंग' लिखा दिखाई दिया. यह देखते ही पामेला पलभर के लिए सहम गईं और उनके चेहरे की हवाइयां उड़ गईं. खुद को संभालते हुए उन्होंने खुलासा किया कि अपनी पढ़ाई के दिनों में वह क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़ी हुई थीं.

अंदर की बात कौन बताता था

 

पामेला ने पूरी बात बताते हुए कहा कि जब वह स्टूडेंट थीं, तब उनका एक दोस्त कई नामी क्रिकेट खिलाड़ियों के सीधे संपर्क में था. उसी के जरिए पामेला को मैच की अंदरूनी खबरें मिला करती थीं. उन्हें पहले से ही अंदाजा हो जाता था कि कौन-सा खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करेगा या कौन-सी टीम जीतने वाली है. इसी जानकारी के दम पर वह लंदन के लीगल बुकीज के पास जाकर मैच पर दांव लगाती थीं.

पामेला सेरेना ने क्या कहा

पामेला सेरेना ने कहा, उस वक्त दोस्त की मदद से सीधे टीम के अंदर से टिप्स मिलती थीं. चूंकि लंदन में बुकीज के ज़रिए सट्टा लगाना कानूनी रूप से गलत नहीं है, इसलिए मैंने इसका पूरा फायदा उठाया और बहुत पैसा कमाया. हालांकि, आज पीछे मुड़कर देखने पर मुझे इस बात पर जरा भी गर्व महसूस नहीं होता.

लालच में उठाया कदम

पामेला ने माना कि उस दौरान कम उम्र और आसानी से पैसे कमाने की चाहत ने उन्हें इस दलदल की तरफ ढकेला था. शुरुआत में जल्दी मिलने वाले मुनाफे ने उन्हें आकर्षित किया, लेकिन समय बीतने के साथ उन्हें अपनी गलती समझ आई. उन्होंने साफ कहा कि भले ही कानून की नजर में वह काम गलत न रहा हो, लेकिन नैतिक तौर पर कमाई का यह जरिया बिल्कुल सही नहीं था.

ग्लैमर और बिजनेस की दुनिया का जाना-माना नाम

भारतीय मूल की पामेला सेरेना का बचपन यूके में बीता और साल 2012 में वह दुबई बस गईं. सौंदर्य प्रतियोगिताओं की दुनिया में नाम कमाने वाली पामेला 'मिस यूनिवर्स दुबई 2021' और 'मिस UAE वर्ल्ड 2022' जैसे बड़े खिताब अपने नाम कर चुकी हैं. इसके अलावा वह रियल एस्टेट सेक्टर में भी खासी सक्रिय हैं और लंदन में प्रॉपर्टी का बिजनेस चलाती हैं. नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज 'दुबई ब्लिंग' से उन्हें घर-घर में पहचान मिली थी.

'लॉकअप 2' का फाइनल दौर

फराह खान और रितेश देशमुख की मेजबानी में चल रहा यह शो अब अपने अंतिम पड़ाव पर है. केवल दो हफ्ते का समय बचा है और 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि को पाने के लिए राम कपूर, शिल्पा शिंदे, धीरज धूपर, शिवांगी जोशी और सूफी मोतीवाला जैसे चर्चित सितारे दिन-रात एक कर रहे हैं.

सम्बंधित खबर

Recent News