नई दिल्ली: फिल्म निर्माता आदित्य धर की फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर गदर काट दिया है. फिल्म को रिलीज हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं और फिल्म सारे रिकॉर्ड तोड़ती जा रही है. फैंस से लेकर फिल्मी जगत की बड़ी-बड़ी हस्तियां धुरंधर की तारीफ कर रहे हैं. इसी कड़ी में फिल्म निर्माता राकेश रोशन ने सोशल मीडिया पर आदित्य धर की प्रशंसा में एक लंबा पोस्ट किया है. जिसमें वह आदित्य धर की तारीफों के पुल बांधते नजर आ रहे हैं. इस फिल्म को उन्होंने निर्देशन में एक नई दिशा बताई है.
यह फिल्म आदित्य धर द्वारा निर्देशित है और इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं. गुरुवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया, जिससे इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
राकेश रोशन ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए कहा कि ये फिल्म फिल्म निर्माण के पारंपरिक ढांचे को चुनौती देती है. उनके अनुसार, 'धुरंधर' केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि सिनेमा की सोच को बदलने वाला प्रयास है, जिसे एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जाना चाहिए.
रोशन ने आदित्य धर के निर्देशन, प्वॉइंट ऑफ व्यू और साहस की विशेष रूप से प्रशंसा की है. उन्होंने कहा कि फिल्म को जिस तरह से तैयार किया गया है, वह उम्मीदों से कहीं बेहतर है और यह आने वाले समय में फिल्म निर्माण के लिए नई प्रेरणा बन सकती है.
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार शामिल हैं. कई कलाकार अपने पुराने किरदारों को दोबारा निभाते नजर आए हैं, जिससे कहानी में निरंतरता बनी रहती है.
बता दें फिल्म की कहानी कराची के लयारी इलाके पर आधारित है, जोकि अपने हिंसक इतिहास के लिए जाना जाता है. फिल्म में कंधार विमान अपहरण, संसद हमले और 26/11 जैसे बड़े घटनाक्रमों की पृष्ठभूमि में खुफिया अभियानों को दर्शाया गया है. साथ ही फिल्म के इस सीक्वल में बड़े साहब के किरदार पर से भी पर्दा उठेगा.