Courtesy: Instagram/ @singhpawan999
मुंबई: रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ इन दिनों अपने कंटेंट और विवादों को लेकर लगातार चर्चा में बना हुआ है. वहीं अब शो के हालिया एपिसोड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह चिकन बनाते और खाते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एक्टर पर निशाना साधते हुए सवाल खड़े कर दिए है.
वायरल वीडियों में देखा जा सकता है कि पवन सिंह माथे पर तिलक लगाए और गले में हनुमान जी का लॉकेट पहने नजर आ रहे हैं. इतना ही नहीं इसी दौरान वह देसी चिकन पकाते दिखाई देते हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस बात की सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिल रही कि फिलहाल सावन का महीना चल रहा है और ऐसे में पवन सिंह के नॉन-वेज खाते दिखने पर कुछ यूजर्स ने आपत्ति जताई है.
शो के दौरान पवन सिंह अपनी टीम से गांव जाकर देसी मुर्गा लाने के लिए कहते हैं. नॉन-वेज खाने को लेकर बातचीत के बीच वह बताते हैं कि कई बार उनके मन में चिकन या मांसाहारी खाना छोड़ने का विचार आया है. हालांकि, इसके बाद वह मजाकिया अंदाज में एक अलग ही तर्क देते हैं. पवन सिंह कहते हैं कि कभी-कभी उन्हें लगता है कि नॉन-वेज नहीं खाना चाहिए, लेकिन अगर लोग मुर्गे नहीं खाएंगे तो उनकी संख्या इतनी बढ़ जाएगी कि वे इंसानों को ही खाने लगेंगे. उनका यह बयान सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया और इसी को लेकर वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं.
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ यूजर्स ने पवन सिंह के धार्मिक रूप और नॉन-वेज खाने को लेकर सवाल उठाए. कई लोगों ने सावन के महीने में माथे पर तिलक और हनुमान लॉकेट के साथ चिकन पकाने को लेकर नाराजगी जताई. हालांकि, अभिनेता के कुछ फैंस उनके बचाव में भी उतर आए हैं. कुछ यूजर्स का दावा है कि वायरल क्लिप पुराना है और इसे सावन से पहले शूट किया गया था. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि पुराने वीडियो को दोबारा शेयर कर पवन सिंह को ट्रोल किया जा रहा है.
इसी एपिसोड में पवन सिंह ने अपने कुकिंग टैलेंट की झलक भी दिखाई. उन्होंने यूपी-बिहार स्टाइल में देसी चिकन और मटन बनाने के तरीके पर बात की और बताया कि इस तरह की डिश में आमतौर पर टमाटर का इस्तेमाल नहीं किया जाता. उन्होंने बचपन की यादें भी साझा कीं. हालांकि फिलहाल ‘भोजपुरी बवाल’ का यह क्लिप सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है. वहीं इस पूरे विवाद पर अभी तक पवन सिंह या उनकी टीम की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. अब देखा होगा कि ये मामला कितनी दूर तक जाता है.