menu-icon
The Bharatvarsh News

स्विट्जरलैंड बैठक में जेडी वैंस का बयान बना चर्चा का विषय, पिछले कुछ महीनों में दो लोगों ने बदली जिंदगी

स्विट्जरलैंड में हुई अहम बैठक के दौरान जेडी वैंस ने एक ऐसा बयान दिया जिसने सभी का ध्यान अपनी तरफ खीच लिया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उनके जीवन में दो लोग बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं. एक उनकी भारतीय पत्नी और दूसरे पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर

Calendar Last Updated : 22 June 2026, 02:29 PM IST
Share:

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच जारी शांति प्रयासों के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का एक बयान चर्चा में आ गया है. उन्होंने न केवल पाकिस्तान की भूमिका की खुलकर तारीफ की, बल्कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को भी इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया. वेंस का कहना है कि विभिन्न देशों की कूटनीतिक कोशिशों की वजह से अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत ऐसे मुकाम तक पहुंची है, जहां कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सीधी चर्चा संभव हो सकी है.

स्विट्जरलैंड में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान जेडी वेंस ने अपने विचार साझा किए. इस बैठक में पाकिस्तान, कतर, ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधि शामिल हुए थे. वार्ता का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय स्थिरता, शांति और आपसी सहयोग को मजबूत करना था. वेंस ने कहा कि हाल के महीनों में कई देशों ने पर्दे के पीछे रहकर बातचीत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने विशेष रूप से पाकिस्तान के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया को सफल दिशा देने में उसका सहयोग महत्वपूर्ण रहा है.

मेरे जीवन में दो जरूरी लोग, एक भारतीय और एक पाकिस्तानी'

अपने संबोधन के दौरान वेंस ने हल्के अंदाज में एक टिप्पणी भी की, जिसने सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उनके जीवन में दो लोग बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं. एक उनकी भारतीय पत्नी और दूसरे पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर. वेंस ने मुस्कुराते हुए कहा कि हाल के समय में उनकी बातचीत आसिम मुनीर से इतनी अधिक हुई है कि शायद उन्होंने किसी और व्यक्ति से इतनी चर्चा नहीं की होगी.

पाकिस्तान की भूमिका को बताया अहम

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि यदि विभिन्न पक्षों के बीच लगातार संवाद और मध्यस्थता न होती तो अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत इस स्तर तक नहीं पहुंच पाती. उन्होंने आसिम मुनीर को एक सक्षम सैन्य अधिकारी के साथ-साथ प्रभावशाली राजनयिक भी बताया. वेंस के अनुसार, शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान ने रचनात्मक भूमिका निभाई है और इससे क्षेत्र में स्थिरता लाने के प्रयासों को मजबूती मिली है.

मध्य पूर्व में बदलाव की उम्मीद

वेंस ने कहा कि हाल के कूटनीतिक प्रयासों से कुछ महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल किए गए हैं. उन्होंने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और ईरान से उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर कुछ प्रतिबद्धताएं प्राप्त करने जैसी उपलब्धियां सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि अब अगला लक्ष्य यह देखना है कि बातचीत के जरिए क्षेत्र में और कितनी सकारात्मक प्रगति की जा सकती है. उनका मानना है कि यदि सभी पक्ष सहयोग की भावना से आगे बढ़ें तो मध्य पूर्व में शांति और विकास का नया दौर शुरू हो सकता है.

ईरान को लेकर क्या बोले वैंस?

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि लंबे समय से ईरान को क्षेत्रीय अस्थिरता के प्रमुख कारणों में से एक माना जाता रहा है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब बातचीत और कूटनीति के जरिए हालात बदलने का अवसर मौजूद है. उनके अनुसार, भविष्य का लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है जहां ईरान और खाड़ी देशों के बीच टकराव की जगह सहयोग और संवाद को बढ़ावा मिले. इससे पूरे क्षेत्र को लाभ होगा.

लेबनान में युद्धविराम पर भी रखी राय

लेबनान में युद्धविराम उल्लंघन से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए वेंस ने कहा कि किसी भी शांति प्रक्रिया में चुनौतियां आना स्वाभाविक है. उन्होंने माना कि सभी समस्याओं का समाधान तुरंत नहीं हो सकता, लेकिन पिछले कुछ महीनों में स्थिति में काफी सुधार देखने को मिला है. उन्होंने कहा कि अमेरिका युद्धविराम को मजबूत बनाए रखने और संघर्ष कम करने के प्रयास जारी रखेगा. साथ ही यह भी दोहराया कि वाशिंगटन क्षेत्र में स्थिरता स्थापित करने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है.

वेंस का मानना है कि इस तरह की वार्ताओं का उद्देश्य हर विवाद को तुरंत समाप्त करना नहीं होता. बल्कि इन बैठकों के जरिए एक ऐसा मंच तैयार किया जाता है जहां सभी पक्ष अपनी चिंताओं को सामने रख सकें और समाधान की दिशा में आगे बढ़ सकें. उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा संवाद भविष्य में बेहतर संबंधों और अधिक स्थिर क्षेत्रीय व्यवस्था की नींव साबित हो सकता है. 

सम्बंधित खबर

Recent News