Courtesy: Freepik Image
नई दिल्ली: राष्ट्रीय प्रेमिका दिवस हर साल 1 अगस्त को मनाया जाता है. इस दिन आप अपनी प्रेमिका की देखभाल करके और उन्हें प्यार दिखाकर याद दिला सकते है कि वो आपके जीवन में कितनी अहमियत रखती है. चाहे आपका रिश्ता नया हो या आप दोनों लंबे समय से एक-दुसरे के साथ हों, आज के दिन आप अपनी प्रेमिका का दिल एक बार फिर जीत सकते है. अगर आप अपनी गर्लफ्रेंड को यह महसूस कराना चाहते हैं कि वह आपकी जिंदगी में कितनी खास है, तो एक सोच-समझकर चुना गया तोहफा इस दिन को यादगार बना सकता है. एक छोटा-सा सरप्राइज भी उसके चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है. आइए जानते हैं ऐसे कुछ गिफ्ट आइडियाज, जो इस खास मौके को और भी खूबसूरत बना देंगे.
गहने लगभग हर महिला की पसंद होते हैं, लेकिन जब उनमें निजी एहसास जुड़ जाए तो उनकी अहमियत और बढ़ जाती है. आप उनकी पसंद के अनुसार नाम के पहले अक्षर वाला नेकलेस, चार्म ब्रेसलेट या कोई खास पेंडेंट गिफ्ट कर सकते हैं. ऐसा तोहफा सिर्फ खूबसूरत नहीं होता, बल्कि हर बार पहनने पर उन्हें आपकी याद भी दिलाता है.
अगर आपकी पार्टनर को घर सजाने या शांत माहौल पसंद है, तो सुगंधित मोमबत्तियां एक बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं. उनकी पसंद की खुशबू चुनें और उसके साथ एक छोटा-सा हाथ से लिखा संदेश या रोमांटिक नोट रखें. यह छोटा-सा प्रयास भी उन्हें बेहद खास महसूस कराएगा.
आज की व्यस्त जिंदगी में हर किसी को खुद के लिए थोड़ा समय चाहिए. ऐसे में सेल्फ-केयर हैम्पर एक शानदार गिफ्ट हो सकता है. इसमें शीट मास्क, बॉडी बटर, लिप बाम, बाथ सॉल्ट, हर्बल टी, बॉडी ऑयल और हेल्दी स्नैक्स जैसी चीजें शामिल करें. यह तोहफा उन्हें आराम करने और खुद का ख्याल रखने की याद दिलाएगा.
कुछ तोहफे कभी पुराने नहीं होते. स्वादिष्ट चॉकलेट, दिल के आकार का केक या उनकी पसंदीदा मिठाई के साथ लाल गुलाब का गुलदस्ता आज भी सबसे रोमांटिक गिफ्ट्स में गिना जाता है. यह साधारण जरूर है, लेकिन अपने प्यार का इजहार करने का असरदार तरीका भी है.
अगर आपको पता है कि आपकी गर्लफ्रेंड किस तरह की खुशबू पसंद करती हैं, तो उनका पसंदीदा परफ्यूम गिफ्ट करना बेहतरीन फैसला हो सकता है. चाहें तो उसके साथ बॉडी मिस्ट या बॉडी ऑयल भी शामिल कर सकते हैं. यह ऐसा तोहफा होगा जिसका इस्तेमाल वह रोज कर सकती हैं और हर बार आपको याद करेंगी.
रिश्ते की सबसे कीमती चीज साथ बिताए गए पल होते हैं. ऐसे में आपकी तस्वीरों, छोटे नोट्स और खूबसूरत यादों से सजा फोटो एल्बम या स्क्रैपबुक एक भावनात्मक और अनमोल तोहफा बन सकता है. यह सिर्फ एक गिफ्ट नहीं, बल्कि उन यादों का संग्रह होगा जिसे वह लंबे समय तक संभालकर रखेंगी.