menu-icon
The Bharatvarsh News

'अलगाववाद', 'आतंकवाद' और 'अफवाह' की पार्टी है आप: भाजपा

आम आदमी पार्टी को 'अलगाववाद', 'आतंकवाद' और 'अफवाह' की पार्टी करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को उस पर अलगाववादियों के समर्थन का आरोप लगाया और साथ ही दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की 'फर्जी धमकी' मामले में भी कई सवाल उठाए.

Calendar Last Updated : 20 January 2025, 04:19 PM IST
Share:

आम आदमी पार्टी को 'अलगाववाद', 'आतंकवाद' और 'अफवाह' की पार्टी करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को उस पर अलगाववादियों के समर्थन का आरोप लगाया और साथ ही दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की 'फर्जी धमकी' मामले में भी कई सवाल उठाए.

नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी को ‘अलगाववाद’, ‘आतंकवाद’ और ‘अफवाह’ की पार्टी करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को उस पर अलगाववादियों के समर्थन का आरोप लगाया और साथ ही दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की ‘फर्जी धमकी’ मामले में भी कई सवाल उठाए. इन आरोपों पर आप की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस और आप बाहर से अलग दिखते हैं लेकिन अंदर से एक समान हैं.

उन्होंने कहा, "आप, कांग्रेस के भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई थी. लेकिन अब आप में 'ए' को अराजकता, अलगाववाद, आतंकवाद, अफवाह और अपराधियों के लिए भी जाना जाता है."

उन्होंने कहा कि अफजल गुरु की फांसी और सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दों पर आप और कांग्रेस के नेताओं को सुर में सुर मिलाते देखा गया था.

ठाकुर ने कहा कि जब पूरा देश संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने का इंतजार कर रहा था, कुछ लोग उसके लिए राष्ट्रपति से माफी की मांग कर रहे थे. हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया.

उन्होंने सवाल किया, "किसका एनजीओ अफजल गुरु की मौत की सजा को बदलने के लिए आगे आया था? किसके रिश्तेदार, माता-पिता इसका हिस्सा थे? क्या आतिशी (दिल्ली की मुख्यमंत्री) और केजरीवाल (अरविंद) कुछ कहेंगे या चुप रहेंगे?"

ठाकुर ने यह सवाल भी किया कि पंजाब चुनावों के दौरान कौन सा नेता 'आतंकवादियों से सहानुभूति रखने वालों' के घरों में रुका था.

उन्होंने दावा किया कि कुछ राजनीतिक दल हैं जिन्होंने अलगाववादियों और आतंकवादियों का समर्थन किया और उनसे चंदा भी लिया. ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग हैं जो बम विस्फोटों की अफवाह फैलाते हैं और दिल्ली में स्कूली बच्चों के माता-पिता को परेशानी में डालते हैं.

उन्होंने एक बार फिर आतिशी और केजरीवाल से सवाल किया, "बम विस्फोट की अफवाह फैलाने वालों से कौन जुड़ा हुआ है. आतिशी जी, केजरीवाल जी क्या आप जवाब देंगे?"

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि केजरीवाल और आप 'अराजकता और सनसनी' पैदा करने के 'पुराने खिलाड़ी' हैं.

दिल्ली पुलिस ने हाल ही में दावा किया था कि 12वीं कक्षा के एक छात्र ने शहर के 400 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी और उसके माता-पिता का संबंध एक ऐसे गैर सरकारी संगठन से है, जो एक राजनीतिक दल का समर्थन करता रहा है. पुलिस ने हालांकि राजनीतिक पार्टी के नाम का खुलासा नहीं किया है.

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हर कोई एनजीओ का 'कनेक्शन' जानता है. उन्होंने कहा कि आप का 'स्लीपर सेल' पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में सामाजिक सौहार्द और शांति को बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है.  उन्होंने यह भी पूछा कि फर्जी कॉल केवल निजी स्कूलों में ही क्यों आए थे और किशोर आरोपी को स्कूलों का डेटा देने के पीछे कौन है.

(इस खबर को भारतवर्ष न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)
 

सम्बंधित खबर

Recent News