menu-icon
The Bharatvarsh News

AAP विधायक अमानतुल्लाह खान ने कोर्ट में कहा: मुझे बनाया गया सॉफ्ट टारगेट

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी पर लगी रोक की अवधि आज (सोमवार, 24 फरवरी) खत्म हो रही है. इस सिलसिले में दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान अमानतुल्लाह के वकील ने कोर्ट में यह दावा किया कि उनके मुव्विकल (विधायक) को सॉफ्ट टारगेट बना दिया गया है.

Calendar Last Updated : 24 February 2025, 04:56 PM IST
Share:

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी पर लगी रोक की अवधि आज (सोमवार, 24 फरवरी) खत्म हो रही है. इस सिलसिले में दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान अमानतुल्लाह के वकील ने कोर्ट में यह दावा किया कि उनके मुव्विकल (विधायक) को सॉफ्ट टारगेट बना दिया गया है.

वहीं, कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से यह सवाल पूछा कि क्या उनके पास घटना के समय का कोई सीसीटीवी फुटेज मौजूद है जिसमें शावेज खान दिखाई दे रहे हों. पुलिस को आदेश दिया गया कि यदि ऐसा फुटेज उपलब्ध है, तो वह उसे कोर्ट में पेश करें. इस मामले की अगली सुनवाई अब 25 फरवरी को होगी.

कोर्ट ने बढ़ाई गिरफ्तारी पर रोक

राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सौंपी, जिसे कोर्ट ने देखा. इसके बाद जज ने मामले की सुनवाई कल (25 फरवरी) के लिए तय कर दी और विधायक की गिरफ्तारी पर लगी रोक की अवधि बढ़ा दी. अब इस मामले की अगली सुनवाई मंगलवार, 25 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे होगी, जब कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 10 फरवरी को दिल्ली के जामिया नगर क्षेत्र में हुई एक घटना से जुड़ा है, जब पुलिस के एक दल पर हमला हुआ था. पुलिस का आरोप है कि अमानतुल्लाह खान की अगुवाई में एक भीड़ ने हत्या के प्रयास के आरोपी शावेज खान को पुलिस हिरासत से भागने में मदद की. पुलिस का कहना है कि जब वे शावेज खान को गिरफ्तार करने के लिए मौके पर पहुंचे थे, तो विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस के काम में हस्तक्षेप किया, जिससे शावेज खान मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया.

अमानतुल्लाह खान का बचाव

अपने ऊपर लगे आरोपों पर अमानतुल्लाह खान ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें उस व्यक्ति को बचाने के लिए कहा गया और यह बताया गया कि वह व्यक्ति इलाके का ही निवासी है. खान ने यह भी स्पष्ट किया कि उस व्यक्ति से उनका कोई करीबी संबंध नहीं था. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछा तो पता चला कि सादे कपड़े पहने हुए लोग उस व्यक्ति को धमका रहे थे. 

खान ने आगे कहा कि बाद में यह जानकारी मिली कि 2018 में साकेत कोर्ट से उस व्यक्ति को अग्रिम जमानत मिल चुकी थी, इसके बावजूद सादे कपड़ों में आए कुछ लोग जो खुद को पुलिस वाले बता रहे थे, उस व्यक्ति को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे थे और अन्य लोगों को भी धमका रहे थे. खान ने यह भी आरोप लगाया कि इन लोगों ने अपनी पहचान जाहिर करने से इनकार किया और उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी. अमानतुल्लाह खान दिल्ली के ओखला विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं.
  

 

सम्बंधित खबर

Recent News