menu-icon
The Bharatvarsh News

मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं' बढ़ती गर्मी के बीच पीएम मोदी की देशवासियों से की ये अपील

देश के कई हिस्सों में तेजी से बढ़ रहे तापमान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 27 मई 2026 को चिंता जाहिर की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके हीटवेव से बचाव के लिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।

Calendar Last Updated : 27 May 2026, 12:57 PM IST
Share:

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में तेजी से बढ़ रहे तापमान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 27 मई 2026 को चिंता जाहिर की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके हीटवेव से बचाव के लिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि बढ़ती गर्मी से दैनिक जीवन में मुश्किलें बढ़ रही हैं, इसलिए सभी सतर्क रहें।

'खुद को हाइड्रेट रखें, दूसरों की भी मदद करें' - पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने लिखा कि देश के अलग अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ गर्मी से होने वाली परेशानियां भी बढ़ रही हैं। उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि जितनी ज्यादा सावधानी हो सके उतनी जरूर बरतें। खुद को हाइड्रेट रखें और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ लेकर चलें। उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में संवेदनशीलता बहुत बड़ा सहारा बनती है। अगर संभव हो तो किसी प्यासे को एक गिलास पानी जरूर दें। पीएम ने उन लोगों की भी सराहना की जो घरों और दुकानों के बाहर मटके में पानी रखते हैं ताकि राहगीर अपनी प्यास बुझा सकें।

हीटस्ट्रोक के लक्षणों को न करें नजरअंदाज 

पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि अत्यधिक गर्मी से चक्कर आना, मतली या बहुत ज्यादा थकान हो तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें। अगर आसपास कोई व्यक्ति अचानक बेहोश जैसा लगे, कमजोरी महसूस करे या अस्वस्थ दिखे तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं। उसे पानी, ORS या कोई अन्य तरल पदार्थ दें जिससे शरीर को राहत मिले। उन्होंने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या बन सकती है। आपकी सतर्कता किसी की जान बचा सकती है।

बुजुर्गों का हालचाल लेते रहें  

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से कहा कि जब भी मौका मिले अपने माता पिता, दादा दादी, नाना नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल जरूर पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके आराम करने की सलाह दें।

पशु पक्षियों का भी रखें ध्यान  

वहीं अपनी आखिरी पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा बर्तन रखना किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। उन्होंने कहा कि इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक दूसरे का ध्यान रखें।

सम्बंधित खबर

Recent News