menu-icon
The Bharatvarsh News

फैज इलाही मस्जिद में गया था दिल्ली ब्लास्ट आरोपी उमर-उन-नबी, तुर्कमान गेट पर चला बुलडोजर, पथराव में 5 पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली धमाके से पहले वह तुर्कमान गेट के पास स्थित फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद में गया था. सूत्रों के अनुसार, वह वहां करीब 15 मिनट तक रुका था. इस दौरान का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद है

Calendar Last Updated : 07 January 2026, 10:40 AM IST
Share:

नई दिल्ली: दिल्ली ब्लास्ट के आरोपी आतंकी उमर उन नबी को लेकर एक नया खुलासा सामने आया है. जांच में पता चला है कि धमाके से पहले वह तुर्कमान गेट के पास स्थित फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद में गया था. सूत्रों के अनुसार, वह वहां करीब 15 मिनट तक रुका था. इस दौरान का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद है, जिसमें आरोपी मस्जिद के अंदर नजर आ रहा है. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी मस्जिद में क्यों गया था और उसका मकसद क्या था. अब उसी मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. 

तुर्कमान गेट इलाके में देर रात बुलडोजर कार्रवाई

इस खुलासे के बीच दिल्ली नगर निगम (MCD) ने मंगलवार देर रात तुर्कमान गेट इलाके में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई की. रामलीला मैदान के पास करीब 10 बुलडोजर और 15 से ज्यादा JCB मशीनों की मदद से तोड़फोड़ शुरू की गई.

कार्रवाई के दौरान इलाके में तनाव का माहौल बन गया. मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे.

पुलिस ने पाया हालात पर काबू

स्थिति को संभालने के लिए दिल्ली पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे. सूत्रों के मुताबिक, 9 जिलों के डीसीपी स्तर के अधिकारी मौके पर मौजूद थे. स्थिति को संभालने के लिए मौके पर लगभग 1,000 पुलिसकर्मी तैनाती किए गए थे. मलबा हटाने के लिए 70 से अधिक डंपर और 150 से ज्यादा MCD कर्मचारी लगाए गए.

कुछ लोगों ने कार्रवाई में बाधा डालते हुए बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसे रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिती नियंत्रण में बताई जा रही है.

पत्थरबाज़ी में 5 पुलिसकर्मी घायल

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पत्थरबाज़ी शुरु हो गई. इस घटना ने कुछ समय के लिए पुलिसकर्मियों को परेशान तो किया लेकिन बाद में हालात कंट्रोल में हो गई. हालांकि इस पथराव में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. अधिकारियों का कहना है कि यह घटना 25 से 30 लोगों द्वारा की गई.

अब खबर आ रही है कि पत्थरबाज़ी करने वाले लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जाएगी और घायल पुलिसकर्मियों के बयान के बाद एफआईआर भी दर्ज की जाएगी.

रास्ते बंद, सुरक्षा बढ़ाई गई

फिलहाल रामलीला मैदान की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं. प्रशासन के अनुसार, सुबह 11 बजे के बाद ट्रैफिक पाबंदियों में कुछ राहत दी जा सकती है.

कार्रवाई के दौरान फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद की 0.195 एकड़ जमीन को छोड़कर बाकी सभी अवैध निर्माण गिरा दिए गए हैं. इनमें लाइब्रेरी, डिस्पेंसरी और बैंक्वेट हॉल शामिल थे. इलाके में फिलहाल बीएनए की धारा 164 लागू है.

सम्बंधित खबर

Recent News