Courtesy: piterest
मुंबई: बॉलीवुड के 90 के दशक के दिग्गज अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच का मनमुटाव एक बार फिर खुलकर सरेआम आ गया है। कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम करने और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों को लेकर सुनीता द्वारा सार्वजनिक मंचों पर उठाए गए सवालों ने इस पारिवारिक कलह को सुर्खियों में ला दिया है। पत्नी की ओर से लगातार लग रहे लांछनों के बाद गोविंदा ने भी पलटवार करते हुए सुनीता को अपनी सीमा में रहने की हिदायत दी थी। पति-पत्नी बीच छिड़ी इस जुबानी जंग के बीच अब अभिनेता सलमान खान की पूर्व गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री सोमी अली पूरी मजबूती के साथ गोविंदा के समर्थन में उतर आई हैं।
सोमी अली का भावुक नोट
सोमी अली ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर गोविंदा के साथ अपनी पुरानी तस्वीरों का एक कोलाज साझा करते हुए अभिनेता के पक्ष में एक संदेश लिखा। सोमी ने स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे पर इसलिए बोल रही हैं क्योंकि अक्सर लोग कठिन समय में अपनों का साथ छोड़ देते हैं।
गोविंदा को पेशेवर और व्यक्तिगत दोनों स्तरों पर जानने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि 'चीची' हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली और विनम्र कलाकारों में से एक हैं। किसी अभिनेता द्वारा अपने से छोटी उम्र की अभिनेत्री के साथ काम स्वीकार करने को गलत नजरिए से देखना पूरी तरह अनुचित है।
उम्र से तय नहीं होती कलाकार की काबिलियत
गोविंदा पर लग रहे आरोपों का जवाब देते हुए सोमी अली ने लिखा कि कला और हुनर की कोई अंतिम तिथि (एक्सपायरी डेट) नहीं होती। जब इंडस्ट्री में काम मिलना चुनौतीपूर्ण हो जाए, तब काम करते रहने का निर्णय लेना अपने आप में सम्मानजनक बात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी कलाकार की योग्यता उसकी उम्र या उसकी सह-कलाकार की उम्र से नहीं मापी जाती, बल्कि यह उसके समर्पण, पेशेवर रवैये और आगे बढ़ते रहने की जिजीविषा से तय होती है। जो व्यक्ति अपने पसंदीदा काम को जारी रखने का प्रयास कर रहा हो, उसके खिलाफ उम्र को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना गलत है।
गोविंदा और पत्नी सुनीता के बीच गहराया विवाद
सोमी अली ने अपने लेख में आगे कहा कि जब मौके हासिल करना मुश्किल हो, तब काम करने का अवसर मिलना आलोचना का नहीं बल्कि जश्न का विषय होना चाहिए। हर अभिनेता को यह साबित करने का पूरा हक है कि उसके भीतर अब भी बहुत कुछ देने की क्षमता शेष है। उन्होंने गोविंदा के जुझारूपन की सराहना करते हुए कहा कि किसी कलाकार की सबसे सराहनीय बात यह है कि वह उस वक्त भी हार नहीं मान रहा, जब पूरी इंडस्ट्री और आसपास के लोग उसे बूढ़ा साबित करने पर तुले हों। सोमी का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी इस निष्पक्ष सोच की सराहना कर रहे हैं।
क्या है गोविंदा और सुनीता के बीच विवाद का कारण?
इस पूरे विवाद की मुख्य वजह गोविंदा की आगामी कमबैक फिल्म 'रूपा' है, जिसमें वे नवोदित अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। कोमल उम्र में गोविंदा से काफी छोटी हैं। हाल ही में दोनों को एक साथ एयरपोर्ट पर देखा गया था, जिसके बाद सुनीता आहूजा ने मीडिया में बयान देते हुए गोविंदा पर तीखा हमला बोला था। सुनीता ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि गोविंदा अपनी बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूम रहे हैं और उन्होंने अभिनेत्री के परिधानों का भी मजाक उड़ाया था। सुनीता के इस कड़े बयान के बाद से ही दोनों के रिश्तों में कड़वाहट बढ़ गई है।