menu-icon
The Bharatvarsh News

अंगारे बरसने के बाद अब बरसेंगे बादल! झुलसते उत्तर भारत को मिलेगी बड़ी राहत, 10 राज्यों में तेज आंधी-तूफान की चेतावनी

उत्तर और मध्य भारत के एक बड़े हिस्से को पिछले कई दिनों से झुलसा रही भीषण गर्मी और जानलेवा लू से आखिरकार राहत मिलने के संकेत आ गए हैं. देश के कई राज्यों में तापमान का पारा 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.

Calendar Last Updated : 28 May 2026, 09:08 AM IST
Share:

नई दिल्ली: उत्तर और मध्य भारत के एक बड़े हिस्से को पिछले कई दिनों से झुलसा रही भीषण गर्मी और जानलेवा लू से आखिरकार राहत मिलने के संकेत आ गए हैं. देश के कई राज्यों में तापमान का पारा 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है.

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक राहत भरी चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार एक नए और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, बंगाल की खाड़ी से आ रही अत्यधिक नमी वाली हवाओं के संयुक्त प्रभाव से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा यू-टर्न आने वाला है. आज से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत देश के 10 राज्यों में तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है.

राजस्थान के श्रीगंगानगर और पिलानी में टूटा रिकॉर्ड

फिलहाल राजस्थान में सूरज की तपिश अपने चरम पर है जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है. राज्य के श्रीगंगानगर में पिछले तीन दिनों से लगातार पारा 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. इसके अलावा पिलानी में अधिकतम तापमान 47 डिग्री, बीकानेर में 46.6 डिग्री, चूरू में 46.5 डिग्री और सीमावर्ती जिले जैसलमेर में पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. दिल्ली-एनसीआर में भी बुधवार को भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया जिसके चलते मौसम विभाग ने गुरुवार दोपहर तक के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया है. आज रात से ही इस झुलसाने वाली गर्मी के दौर पर ब्रेक लग जाएगा.

इन राज्यों का हाल कैसा रहेगा

अनुमान है कि 28 से 30 मई के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. आसमान में घने बादल छाने और बारिश होने से मैदानी इलाकों के तापमान में सीधे 4 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे लोगों को भीषण गर्मी से फौरी राहत मिलेगी.

बिहार-झारखंड में बिजली का खतरा

इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर बिहार और झारखंड में देखने को मिलेगा. बंगाल की खाड़ी से उठने वाली नमी से भरी पूर्वी हवाएं इन राज्यों में सीधे प्रवेश कर रही हैं. यहां भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और गिरने की गंभीर आशंका जताई गई है.

खराब मौसम में क्या न करें

इसे देखते हुए आईएमडी ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सख्त हिदायत दी है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून के केरल तट पर दस्तक देने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं.

सम्बंधित खबर

Recent News