भाजपा ने एक बार फिर राजनीति के गलियारों में हलचल मचा दी है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपने एक बयान को लेकर विवाद में घिर गए हैं. भाजपा ने दावा किया है केरल में हो रही एक रैली में खड़गे ने गुजरातियों को 'अनपढ़' कहा था. इस विवाद को बढ़ता देख खड़गे ने एक दिन बाद खेद जताया है. इस विवाद पर अपना स्पष्टिकरण देते हुए उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गुजरातियों से माफी मांगी.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को खेद व्यक्त किया. यह खेद उन्होंने केरल में एक रैली के दौरान की गई अपनी उन टिप्पणियों के एक दिन बाद व्यक्त किया, जिनसे एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था और BJP ने उनसे माफी की मांग की थी. 'X' पर एक पोस्ट में खड़गे ने कहा कि उनकी टिप्पणियों का "जानबूझकर गलत अर्थ निकाला गया", लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि फिर भी वह खेद व्यक्त करते हैं. खड़गे ने पोस्ट में कहा, "गुजरात के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना मेरा कभी भी इरादा नहीं था. गुजरात के लोगों के लिए मेरे मन में हमेशा से बहुत सम्मान रहा है और आगे भी रहेगा."
Some remarks of mine in a recent election speech in Kerala are being deliberately misinterpreted. Even so, I express my sincere regret. It was never my intention to hurt the sentiments of the people of Gujarat for whom I have always had and will continue to have the highest of…
— Mallikarjun Kharge (@kharge) April 8, 2026
इस विवाद पर उनका स्पष्टीकरण भाजपा के उस आरोप के एक दिन बाद आया, जिसमें भाजपा ने कहा था कि केरल में एक रैली के दौरान उन्होंने गुजरातियों को "अनपढ़" कहा था, और कांग्रेस सांसद से माफी की मांग की थी. एक न्यूज एजेंसी के अनुसार, रविवार को केरल के इडुक्की जिले में एक चुनावी रैली में खड़गे ने कहा था कि राज्य के लोग "पढ़े-लिखे और समझदार" हैं और उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता, उन लोगों के विपरीत जो गुजरात और कुछ अन्य जगहों पर "अनपढ़" हैं.
खड़गे की टिप्पणियों ने मंगलवार को एक बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से स्पष्ट करने को कहा कि क्या वे खड़गे के बयान से सहमत हैं. प्रसाद ने कहा, "क्या वे इस बयान से सहमत हैं? अगर राहुल गांधी में थोड़ी भी समझ है, तो उन्हें इस टिप्पणी से खुद को अलग कर लेना चाहिए, इसकी निंदा करनी चाहिए और माफी की मांग करनी चाहिए." प्रसाद ने कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर खड़गे की भूमिका पर भी सवाल उठाया और पूछा कि क्या उन्होंने "गरिमा की सारी समझ खो दी है."
न्यूज एजेंसी हवाले से रविशंकर प्रसाद ने कहा, "जिस पद पर वह आज हैं, उस पर कभी जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, मौलाना आज़ाद, सोनिया गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और यहां तक कि राहुल गांधी जैसे नेता भी रह चुके हैं. इतने बड़े पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा किस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है? खड़गे की टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि बेशर्मी भरी और पूरी तरह से निंदनीय है."