menu-icon
The Bharatvarsh News

UP-Bihar समेत 12 राज्यों में रेड अलर्ट! IMD ने दी मूसलाधार बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

मॉनसून के फिर से सक्रिय होने के बाद यूपी, बिहार, गुजरात, उत्तराखंड समेत 12 राज्यों में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया गया है. कई जगह भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ गया है.

Calendar Last Updated : 26 July 2026, 10:41 AM IST
Share:

नई दिल्ली: मॉनसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत देश के 12 राज्यों में भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं और आंधी की चेतावनी दी है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ों और कमजोर ढांचों को नुकसान होने की आशंका है. पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. 

वहीं, गुजरात और असम पहले से ही भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहे हैं. कई इलाकों में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में आगे भी तेज बारिश की संभावना जताई है.

यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में मौसम का अलर्ट

IMD के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश और गुजरात में मौसम खराब रहने की संभावना है. इन राज्यों के कई जिलों में तेज बारिश के साथ 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पिछले 24 घंटे में भी कई राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. इसके चलते कुछ क्षेत्रों में बारिश का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों में जाने से बचने और तेज हवाओं के बीच पेड़ों व कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है.

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हुआ है. गुजरात, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और ओडिशा में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 जुलाई तक कई राज्यों में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है. 

पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी तेज बारिश हो रही है. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं. इसके चलते कई सड़कें अब भी बंद हैं और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

किन राज्यों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट?

मौसम विभाग ने 26 जुलाई को ओडिशा और महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. गुजरात, गोवा और छत्तीसगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम, झारखंड, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने 27 से 30 जुलाई के बीच भी कई राज्यों में तेज बारिश का अनुमान जताया है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

गुजरात में रविवार को भी भारी बारिश का अलर्ट

गुजरात में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिले बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे हैं. सूरत, बनासकांठा, भरूच और अमरेली में बारिश से काफी नुकसान की खबर है. मौसम विभाग ने रविवार को कच्छ, मेहसाणा, पाटन, साबरकांठा, आणंद, अमरेली और सूरत में तेज बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है.

सम्बंधित खबर

Recent News