Courtesy: X/ @DealsDhamaka
नई दिल्ली: सोशल मीडिया अक्सर कुछ न कुछ ऐसा सामने आता है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाता है. हाल ही में एक कॉलेज स्टूडेंट से जुड़ी ऐसी ही कहानी वायरल हो रही है, जिसने सभी को इमोशनल कर दिया है. बता दें, वायरल पोस्ट में कहा जा रहा है कि छात्रा दिन में कॉलेज जाती है और रात में पेट्रोल पंप पर काम करके अपनी पढ़ाई का खर्च उठाती है. यही वजह है कि छात्रा कि मेहनत और हिम्मत ने हजारों लोगों का दिल जीत लिया है और स्टूडेंट उसे एक इंस्पिरेशन बता रहे है.
बता दें, इस कहानी को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर विनीत नाम के एक यूजर ने शेयर किया है. उन्होंने बताया कि एक रात करीब 9 बजे वह अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए शेल पेट्रोल पंप पहुंचे. वहां उनकी मुलाकात एक स्टूडेंट से हुई, जिसने उनसे हिंदी में बात की. बातचीत के दौरान पता चला कि वह महाराष्ट्र के रायगढ़ की रहने वाली है और कॉलेज की पढ़ाई के लिए शहर आई हुई है.
इसी दौरान बातों-बातों में विनीत ने उससे पूछा कि वह पढ़ाई के साथ नौकरी कैसे संभालती है. इस पर छात्रा ने बताया कि वह दिनभर कॉलेज में पढ़ाई करती है और शाम होते ही पेट्रोल पंप पर अपनी ड्यूटी के लिए पहुंच जाती है. वह रात करीब 10 बजे तक काम करती है. इतना ही नहीं, छुट्टी वाले दिनों में वह सुबह और शाम दोनों समय काम करती है, ताकि अपनी कॉलेज फीस और बाकी खर्च खुद उठा सके.
उन्होंने आगे कहा कि वह छात्रा की बात काफी प्रभावित हो गए. उन्होंने लिखा कि अक्सर हम ट्रैफिक, काम के दबाव या छोटी-छोटी परेशानियों की शिकायत करते रहते हैं, लेकिन कुछ लोग बिना किसी शिकायत के अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे होते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कभी इस छात्रा को पढ़ाई में किसी तरह की मदद की जरूरत होगी तो वह उसके लिए हमेशा तैयार रहेंगे.
यह पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. हजारों लोगों ने छात्रा की मेहनत और जज्बे की तारीफ कर रहे है. कई यूजर्स ने कहा कि उसकी कहानी यह साबित करती है कि मेहनत और हिम्मत के दम पर मुश्किल हालात का भी सामना किया जा सकता है. बता दें, इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भारत में छात्रों के लिए पार्ट-टाइम नौकरी के अवसर बढ़ाने की मांग भी उठने लगी. लोगों का कहना है कि अगर पढ़ाई के साथ रोजगार के बेहतर विकल्प मिलें, तो कई छात्र आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को आसानी से पूरा कर सकते हैं.