Courtesy: Screen Grab insta @tejpratapyadav_jjd
पटना: 2 अगस्त से नया रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' शुरु हो गया है. इस शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े दिग्गजों का जामवाड़ा देखने को मिल रहा है. इस बीच जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एंट्री लेते ही सुर्खियां बटोर ली है. उन्होने इस शो में भोजपुरी इंडस्ट्री को लेकर एक ऐसी बात बोली है, जिसकी चर्चा पूरे इंटरनेट पर हो रहा है.
दरअसल रियलिटी शो में शामिल हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि भोजपुरी भाषा और संस्कृति की अपनी अलग पहचान है, लेकिन हाल के वर्षों में कई फिल्मों और गानों में अश्लीलता बढ़ गई है.
उन्होंने कहा कि अच्छे कलाकारों का सम्मान होना चाहिए, क्योंकि वे अपनी प्रतिभा के दम पर लोगों का दिल जीतते हैं. लेकिन ऐसी सामग्री, जो समाज और संस्कृति की छवि को नुकसान पहुंचाए, उसे बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि भोजपुरी सिनेमा को फिर से पारिवारिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने की जरूरत है, ताकि लोग इसे गर्व के साथ देख सकें.
कार्यक्रम के दौरान तेज प्रताप यादव पटना के मरीन ड्राइव क्षेत्र का भी जिक्र करते नजर आए. उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में साफ-सफाई और बेहतर सुविधाओं की जरूरत है. उनका मानना है कि यदि योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो इन स्थानों को पर्यटन के लिहाज से आकर्षक बनाया जा सकता है.
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी बड़े बदलाव के लिए मजबूत नेतृत्व और प्रभावी व्यवस्था जरूरी होती है. बिना अधिकार और सहयोग के विकास कार्यों को गति देना आसान नहीं होता.
तेज प्रताप यादव ने कहा कि जनता से जुड़ने के लिए संगठन को मजबूत करना सबसे जरूरी है. उन्होंने सुझाव दिया कि भोजपुरी के लोकप्रिय कलाकारों को एक मंच पर लाकर समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा सकता है. उनके अनुसार कलाकारों का समाज पर गहरा प्रभाव होता है और लोग उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हैं.
उन्होंने युवाओं से भी आगे आने की अपील की. उनका कहना था कि जब तक नई पीढ़ी समाज और संस्कृति को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी नहीं उठाएगी, तब तक बड़ा बदलाव संभव नहीं होगा.
तेज प्रताप यादव ने बताया कि वह जल्द ही भोजपुरी कलाकारों के साथ एक विशेष बैठक या डिनर का आयोजन करना चाहते हैं. इस दौरान इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी और यह कोशिश की जाएगी कि भोजपुरी सिनेमा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जाए.