Courtesy: X@Globaleraaa
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली विश्वविद्यालय की एक सहायक प्रोफेसर अपने ही फ्लैट में मृत पाई गईं, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई है. मृतका की पहचान 42 वर्षीय देबोस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज के अंग्रेजी विभाग में सहायक प्रोफेसर थीं.
देबोस्मिता पॉल पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट में अकेली रहती थीं, जबकि उनके माता-पिता पास के इलाके में रहते हैं. पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2:35 बजे न्यू अशोक नगर थाने में उनकी बहन देवराती पॉल ने पीसीआर कॉल कर घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि काफी समय से बहन से संपर्क करने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था.
लगातार संपर्क न होने पर देवराती पॉल खुद अपार्टमेंट पहुंचीं. वहां उन्होंने देखा कि फ्लैट बाहर से बंद है. स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने ताला तुड़वाया और अंदर जाकर देखा तो उनकी बहन मृत अवस्था में पड़ी थीं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. अधिकारियों ने पाया कि प्रोफेसर के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि उन पर किसी भारी और कठोर वस्तु से हमला किया गया था.
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के हाथों पर भी चोटों के निशान मिले. अधिकारियों का मानना है कि हमले के दौरान उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की होगी. कुछ चोटें ऐसी भी मिली हैं, जिनसे किसी धारदार वस्तु के इस्तेमाल की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या में इस्तेमाल हथियार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
देबोस्मिता पॉल अंग्रेजी साहित्य की जानी-मानी शिक्षिका थीं. उनकी अकादमिक रुचि विभाजन अध्ययन, भारतीय साहित्य, उत्तर-औपनिवेशिक साहित्य और अनुवाद अध्ययन जैसे विषयों में थी. उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया से पीएचडी और एमफिल की पढ़ाई पूरी की थी. इसके अलावा बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर तथा महाराजा अग्रसेन कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की थी. शिक्षण और शोध के क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान मानी जाती थी.
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है. शुरुआती जांच में लूटपाट का स्पष्ट संकेत नहीं मिला है, क्योंकि मृतका के आभूषण और अन्य सामान सुरक्षित पाए गए हैं. हालांकि पुलिस इस संभावना को पूरी तरह खारिज भी नहीं कर रही है. जांचकर्ता मृतका के निजी और पेशेवर जीवन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, वह एक पारिवारिक कानूनी मामले से भी गुजर रही थीं, जिसे लेकर कुछ दस्तावेज और जानकारियां खंगाली जा रही हैं.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण और हमले की प्रकृति को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. इस मामले में न्यू अशोक नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है.