menu-icon
The Bharatvarsh News

महाबलेश्वर के आंबेनली घाट में दर्दनाक हादसा, 1500 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के महाबलेश्वर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है.

Calendar Last Updated : 25 May 2026, 10:48 AM IST
Share:

मुंबई: महाराष्ट्र के महाबलेश्वर के पास रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. कोंकण से सतारा लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो गाड़ी आंबेनली घाट में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में सतारा जिले के 8 युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जिस खाई में वाहन गिरा, उसकी गहराई करीब 1500 फीट है. हादसे की सूचना मिलते ही पोलादपुर पुलिस प्रशासन, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम, सिस्केप महाड पोलादपुर, आपदा मित्र और स्थानीय लोगों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. खाई बेहद गहरी होने के कारण शवों की तलाश दूरबीन की मदद से शुरू की गई. बचाव दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है.

कब हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सतारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव की थी. सभी युवक कोंकण से वापस सतारा लौट रहे थे. रविवार तड़के करीब 2:45 बजे आंबेनली घाट में दाबेली गांव के पास गाड़ी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और स्कॉर्पियो सीधे गहरी खाई में जा गिरी. यह हादसा उसी इलाके में हुआ है, जहां साल 2018 में दापोली कृषि विश्वविद्यालय की बस भी खाई में गिर गई थी.

कितने फीट गहरी खाई में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण शुरुआती रेस्क्यू अभियान काफी मुश्किल भरा रहा. बचाव दल ने सबसे पहले दूरबीन की मदद से इलाके की तलाश की, जिसके बाद पहला शव दिखाई दिया. कठिन परिस्थितियों के बीच टीम को करीब 500 से 700 फीट की गहराई पर दो शवों को निकालने में सफलता मिली. पुलिस और रेस्क्यू टीमें दुर्घटनाग्रस्त वाहन और अन्य शवों को बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं. इलाके में बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा.

सभी मृतक सतारा जिले के रहने वाले

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी युवक सतारा जिले के आसगांव और कोरेगांव इलाके के निवासी थे. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पोलादपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी आनंद रावड़े ने बताया, 24 तारीख को वे हरणे बीच से वापस सतारा की ओर जा रहे थे, तब पोलादपुर मार्ग से आंबेनळी घाट में दाबेली गांव की सीमा में उनकी गाड़ी पर से नियंत्रण छूट गया और गाड़ी गहरी खाई में गिर गई.

लगातार जारी है तलाश अभियान

बचाव दल द्वारा खाई में गिरे वाहन और अन्य शवों की तलाश लगातार की जा रही है. खाई की गहराई और दुर्गम रास्तों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियां सामने आ रही हैं.
 

सम्बंधित खबर

Recent News