menu-icon
The Bharatvarsh News

पंजाब निकाय चुनाव में AAP की बंपर जीत, पार्टी ऑफिस में मनाया गया जश्न

पंजाब निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बाद पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल रहा. नेताओं ने इसे भगवंत मान सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर बताया और भविष्य को लेकर भी बड़ा संदेश दिया.

Calendar Last Updated : 29 May 2026, 08:41 PM IST
Share:

चंडीगढ़: पंजाब में नगर निगम और नगर काउंसिल चुनावों के नतीजों में आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला. सुबह से ही चुनावी रुझान ‘आप’ के पक्ष में आने लगे थे, जिसके बाद पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यालय पहुंचने लगे.

जीत की खुशी में पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर जमकर डांस किया. इसके साथ ही एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर और बधाई देकर जीत का जश्न मनाया गया. इस विजय उत्सव के मौके पर आप पंजाब के इंचार्ज मनीष सिसोदिया, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू विशेष रूप से मौजूद रहे. इसके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए.

इस दौरान मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने पंजाब की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की जनहित नीतियों और विकास कार्यों पर लोगों की मुहर है. उन्होंने कहा कि नगर निगमों में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से शहरों के विकास कार्यों को और गति मिलेगी.

मनीष सिसोदिया ने लोगों को कहा धन्यवाद

आप पंजाब के इंचार्ज मनीष सिसोदिया ने भी पंजाब की जनता का दिल से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने इन चुनावों के जरिए बहुत बड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा, “मैं इन चुनावों में आम आदमी पार्टी के पक्ष में आए नतीजों के लिए पंजाब की जनता का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान को इतना बड़ा सम्मान और आशीर्वाद दिया है.” सिसोदिया ने कहा कि लोगों ने साफ कर दिया है कि उन्हें पिछले चार वर्षों में अरविंद केजरीवाल की ईमानदार राजनीति और मुख्यमंत्री भगवंत मान की कार्यशैली पसंद आ रही है.

मनीष सिसोदिया ने कहा कि कुछ समय पहले हुए जिला पंचायत चुनावों में गांवों के लोगों ने आम आदमी पार्टी को एकतरफा समर्थन दिया था. अब नगर निगम और नगर काउंसिल चुनावों में, खासकर शहरी क्षेत्रों में भी लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उन्हें सरकार के जनहित के काम पसंद आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि मान सरकार द्वारा बिजली, पानी, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उठाए गए कदमों पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है.

सिसोदिया ने कहा कि इन चुनावी नतीजों ने दो स्पष्ट संदेश दिए हैं. पहला, लोगों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के विकास कार्यों का समर्थन किया है. दूसरा, जनता ने तथाकथित “ईडी पार्टी” यानी भाजपा को भी स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि पंजाब के जागरूक मतदाताओं ने यह साफ कर दिया है कि राज्य में बदले की राजनीति और एजेंसियों के सहारे राजनीति करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है. सिसोदिया ने दावा किया कि चुनावों में जनता ने भाजपा को इस हद तक नकार दिया कि उसके 1142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई.

2027 चुनाव को लेकर भी जताया भरोसा

उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान 2027 के विधानसभा चुनाव को ऐतिहासिक बहुमत से जीतने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ काम कर रहे हैं. हालांकि विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन नगर निगम और नगर काउंसिल चुनावों में जीत हासिल करने वाले नए मेयर और पार्षद अब जमीनी स्तर पर सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे. उन्होंने कहा कि सभी मिलकर पंजाब के विकास की रफ्तार को और तेज करेंगे और 2027 में एक बार फिर जीत का परचम लहराएंगे.

सम्बंधित खबर

Recent News