जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज नकोदर के प्रसिद्ध वार्षिक मेले के अवसर पर डेरा अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के दरबार में नतमस्तक हुए. मुख्यमंत्री ने पवित्र मजार पर मत्था टेककर सूबे की सुख-शांति, प्रगति और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ मांगी. सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने जनता से मिले भारी स्नेह के लिए आभार जताया और पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ राज्य की सेवा करने का अपना संकल्प दोहराया. इस धार्मिक आयोजन के बाद मुख्यमंत्री ने अपने 'एक्स' हैंडल पर लिखा, आज मुझे डेरा अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के दरबार में हाजिरी लगाने का सौभाग्य मिला. मेले में बड़ी संख्या में पहुंची माताओं, बहनों और बुजुर्गों का मैं दिल से आभारी हूँ जिन्होंने मुझे इतना सम्मान और प्यार दिया.
नफरत फैलाने वाली ताकतें पंजाब में होंगी नाकाम
दरबार परिसर में उपस्थित संगतों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पंजाब मेलों और त्योहारों की धरती है. जहां लोग हर मजहब के उत्सव को मिलकर मनाते हैं. सीएम ने जोर देकर कहा, यह एक ऐसी उपजाऊ जमीन है जहां हर तरह की फसल लहलहा सकती है. लेकिन नफरत का बीज यहां कभी अंकुरित नहीं हो सकता. हमारा आपसी भाईचारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में राज्य सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व बेहद श्रद्धा और धूमधाम से मिलकर मनाएगी.
महिलाओं को मिल रहा 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' का सीधा लाभ
अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा दिया. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' के तहत 1 जुलाई से महिलाओं के खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर होने शुरू हो गए हैं. इस योजना के दायरे में पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाएं आ चुकी हैं.
सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ
इसके तहत अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह और अन्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जो महिलाएं पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रही हैं. उन्हें भी इस योजना से जोड़ा गया है। इस पूरी योजना के सफल संचालन के लिए सरकार ने बजट में 9,300 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं.
लंदन या कैलिफोर्निया नहीं, हमें समृद्ध पंजाब बनाना है
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले कलाकारों को केवल राजनीतिक रैलियों में भीड़ जुटाने का माध्यम समझा जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने कलाकारों का खोया हुआ मान-सम्मान वापस लौटाया है. उन्होंने कहा, हमें पंजाब को कोई लंदन या कैलिफोर्निया नहीं बनाना है, बल्कि हमें मिलकर अपने मूल 'रंगला पंजाब' को फिर से जीवंत और समृद्ध बनाना है. गहरी जड़ों वाले पेड़ कभी नहीं गिरते, इसलिए हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहना होगा. इसके साथ ही उन्होंने 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत संगतों को श्री हरिमंदिर साहिब, आनंदपुर साहिब के साथ-साथ हरिद्वार, ऋषिकेश, सालासर धाम और खाटू श्याम जी जैसे पवित्र स्थलों की मुफ्त यात्रा कराई जा रही है. इस मौके पर आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, पूर्व सांसद हंस राज हंस और विधायक इंद्रजीत कौर मान सहित कई अन्य प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं.