menu-icon
The Bharatvarsh News

शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर सुनाम को 107 करोड़ की सौगात, CM मान ने खोला विकास परियोजनाओं का पिटारा

शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुनाम में 107 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. कार्यक्रम में सरकार की कई प्रमुख योजनाओं और भविष्य की विकास रणनीति पर भी जोर दिया गया.

Calendar Last Updated : 01 August 2026, 10:54 AM IST
Share:

चंडीगढ़: महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज उनके जन्मस्थान सुनाम को 107 करोड़ रुपए से अधिक के विकास प्रोजेक्ट समर्पित किए. इन प्रोजेक्ट्स में संत अतर सिंह महाराज आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, ट्रॉमा सेंटर, दवाओं का वेयरहाउस और ब्लड बैंक शामिल हैं. इस मौके पर राज्य स्तरीय शहीदी समारोह के दौरान उन्होंने महान स्वतंत्रता संग्रामी को श्रद्धा के फूल अर्पित किए.

शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के सपनों का पंजाब और भारत बनाने के लिए साझे प्रयासों की जरूरत है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और रोजगार उपलब्ध करवाना ही देश के स्वतंत्रता संग्रामियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है. उन्होंने लोगों को चुनावों से पहले पंजाब की सामुदायिक एकता को बिगाड़ने की कोशिशों से सावधान किया.

प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन और नींव पत्थर रखने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, “आज एक बड़ा दिन है क्योंकि शहीद ऊधम सिंह जी के शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय समारोह करवाया जा रहा है. पंजाब सरकार ने सुनाम की इस पवित्र धरती का चयन किया है, जहां शहीद ऊधम सिंह जी का जन्म हुआ था. बचपन से ही मैं अपने पिता जी के साथ इस धरती पर आता रहा हूं.”

मुख्यमंत्री ने साझा किया, “जब मैं 1993 में पहली बार इंग्लैंड गया था तो मैं विशेष रूप से कैक्स्टन हॉल गया था, जहां शहीद ऊधम सिंह जी ने 21 वर्षों के इंतजार के बाद ओ’डवायर को गोली मारी थी.”

सरकार की प्रमुख उपलब्धियां भी गिनाईं

स्वतंत्रता संग्रामियों के आदर्शों के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सरकार देश के आजादी संग्राम के शहीदों और नायकों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. आजादी के लगभग 80 वर्षों बाद भी देश महान राष्ट्रीय नेताओं के सपनों को पूरा नहीं कर सका है. हालांकि, पद संभालने के पहले ही दिन से हमारी सरकार उनके सपनों को पूरा करने के लिए तेजी से काम कर रही है.”

राज्य सरकार की प्रमुख पहलकदमियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए सुखाली रजिस्ट्री का ऐतिहासिक कदम उठाया है. युवाओं को पूरी तरह योग्यता के आधार पर 68,000 से अधिक नौकरियां दी गई हैं. पंजाब के 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है. पूरे राज्य में लगभग 43,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है.”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब सरकार ने दिन के समय किसानों को बिजली दी है और पंजाब में 14,000 किलोमीटर लंबी पाइपें बिछाई हैं, जो दिल्ली और कनाडा के वैंकूवर के बीच की दूरी के बराबर है. हम इन पाइपों के माध्यम से खेतों को 21,000 क्यूसिक पानी की सप्लाई कर रहे हैं, जिससे नहरों से सिंचाई में वृद्धि हुई है.”

मुख्यमंत्री ने बताया, “नहरों और नदियों में रीचार्ज पॉइंट बनाए गए हैं ताकि पानी का स्तर सुधर सके. नतीजतन पानी का स्तर दो से चार मीटर तक बढ़ गया है. मेरे प्रयासों का एकमात्र मकसद यह सुनिश्चित करना है कि हर कोई खुश रहे और इसीलिए मैं समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए दिन-रात काम कर रहा हूं.”

शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर जोर

शिक्षा के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा, “जब हमने 2022 में पद संभाला था तो पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 27वें नंबर पर था. आज, भारत सरकार के शिक्षा सर्वेक्षण के अनुसार पंजाब शिक्षा क्षेत्र में सबसे आगे है. आज सरकारी स्कूलों के 882 छात्रों ने नीट परीक्षा पास की है.” उन्होंने आगे कहा, “यह मुफ्त की रेवड़ियां नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा है जो आम आदमी को गरीबी से निकालकर उसकी तकदीर बदल सकती है.”

महिलाओं के सशक्तिकरण के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि 1 जुलाई से राज्य की महिलाओं के खातों में ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत पैसे आने शुरू हो गए हैं. हर महिला 1,000 रुपए महीना की हकदार है और अनुसूचित जातियों से संबंधित महिलाओं 1,500 रुपए महीना सम्मान राशि की हकदार हैं. 1 जुलाई को लगभग 32 लाख महिलाओं को पैसे मिल चुके हैं और 1 अगस्त को 40 लाख से अधिक महिलाओं को पंजाब सरकार द्वारा सम्मान के रूप में पैसे मिलेंगे.”

'मुख्यमंत्री सेहत योजना' का किया जिक्र

‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “लोगों को व्यापक स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध करवाने के लिए पंजाब सरकार ने ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ शुरू की है, जो देश में अपनी तरह की पहली योजना है जो पंजाब के हर परिवार को 10 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज प्रदान करती है.”
पंजाब की एकता और भाईचारे पर दिया संदेश

उन्होंने आगे कहा, “यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि पंजाब ऐसी व्यापक स्वास्थ्य देखभाल कवरेज देने वाला पहला भारतीय राज्य है, जिसने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करते हुए लोगों पर वित्तीय बोझ को काफी हद तक कम किया है. इस ऐतिहासिक कदम का मकसद राज्य के सभी परिवारों को सार्वभौमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करना है. अब तक लोग 650 करोड़ रुपए से अधिक का मुफ्त इलाज करवा चुके हैं.”

पंजाब की भाईचारे एकता के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब एक ऐसा गुलदस्ता है जिसमें हर रंग का फूल है और इस पवित्र धरती पर हर कोई फलता-फूलता है. पंजाब की धरती बहुत उपजाऊ है जहां हर बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज नहीं क्योंकि हमारी आपसी एकता बहुत मजबूत है. पंजाब में सभी त्योहार मिलकर मनाए जाते हैं, चाहे राम नवमी हो, गुरुपर्व हो या ईद. इस कारण यहां भाईचारे और अखंडता का रिश्ता बहुत मजबूत है.”

सुनाम को मिले 107.78 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट

सुनाम के लोगों को समर्पित विकास प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “महान स्वतंत्रता संग्रामी शहीद ऊधम सिंह जी के शहीदी दिवस पर सुनाम के लोगों को 107.78 करोड़ रुपए के विकास प्रोजेक्ट समर्पित किए गए हैं. इन प्रोजेक्ट्स में सेना में अफसर बनने के इच्छुक युवाओं के लिए आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, हादसे के पीड़ितों के लिए ट्रॉमा सेंटर, ब्लड बैंक और दवाओं का वेयरहाउस शामिल हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “संत अतर सिंह महाराज आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट का नींव पत्थर गांव चीमा में रखा गया है. यह प्रोजेक्ट 98.68 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा.”

युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय सैन्य प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह संस्थान 13.42 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिसका निर्मित क्षेत्र 2,62,542 वर्ग फुट होगा. यहां पंजाब, विशेषकर मालवा क्षेत्र के युवाओं को भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा.

उन्होंने बताया कि संस्थान में 500 कैडेट्स के लिए आवासीय सुविधा होगी. लड़कों और लड़कियों के लिए 250-250 क्षमता वाले अलग-अलग आधुनिक हॉस्टल बनाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसर में स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम, प्रशासनिक भवन, लाइब्रेरी, स्टडी हॉल, 300 सीटों वाला ऑडिटोरियम, ओपन एयर थिएटर, कैंटीन और डाइनिंग हॉल की सुविधा होगी. इसके अलावा दो बास्केटबॉल कोर्ट, दो वॉलीबॉल कोर्ट, स्विमिंग पूल, हॉकी और फुटबॉल मैदान, स्क्वैश कोर्ट, आधुनिक जिम, परेड ग्राउंड और विशेष शारीरिक प्रशिक्षण सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.

उन्होंने कहा कि यह संस्थान अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक फिटनेस और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करेगा और देशसेवा के लिए समर्पित नई पीढ़ी तैयार करेगा.

ट्रॉमा सेंटर से मिलेगी इमरजेंसी स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुनाम और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ट्रॉमा सेंटर बनाया गया है. इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के बाद 'गोल्डन ऑवर' के दौरान समय पर इलाज उपलब्ध कराकर लोगों की जान बचाना है.

उन्होंने बताया कि सेंटर में 10 बेड की इमरजेंसी और आईसीयू सुविधा होगी. यहां वेंटिलेटर, ऑपरेशन थिएटर, डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन सहित आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे. साथ ही हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, प्रशिक्षित नर्सें और तकनीशियन भी तैनात रहेंगे.

दवाओं की निर्बाध आपूर्ति के लिए आधुनिक वेयरहाउस

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुनाम में 3.68 करोड़ रुपये की लागत से मेडिसिन वेयरहाउस तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों और आम आदमी क्लीनिकों तक आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है.

उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में इंसुलिन सहित तापमान नियंत्रित दवाओं के लिए आधुनिक कोल्ड चेन और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था होगी. इससे संगरूर जिले और आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों तथा आम आदमी क्लीनिकों तक समय पर दवाएं पहुंचाई जा सकेंगी.

आधुनिक ब्लड बैंक भी जनता को समर्पित

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुनाम में 42.19 लाख रुपये की लागत से आधुनिक ब्लड बैंक स्थापित किया गया है. इसकी स्थापना इमरजेंसी के समय सुरक्षित रक्त की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है.

उन्होंने कहा कि यह ब्लड बैंक दुर्घटना पीड़ितों, ऑपरेशन, गर्भवती महिलाओं और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध कराएगा. इसकी भंडारण क्षमता 100 से 150 यूनिट रक्त की होगी. यहां आधुनिक कंपोनेंट सेपरेटर और पूरी तरह स्वचालित टेस्टिंग लैब स्थापित की गई है, जहां एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि यह ब्लड बैंक सुनाम के साथ-साथ आसपास के गांवों और पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा.

नेताओं ने की मुख्यमंत्री की सराहना

अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम के लिए 107 करोड़ रुपये से अधिक के विकास प्रोजेक्ट समर्पित करने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सराहना की. उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास के साथ-साथ महान स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.

इस अवसर पर पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, बरिंदर कुमार गोयल और डॉ. बलबीर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.

सम्बंधित खबर

Recent News