चंडीगढ़: भगवत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने आगामी धान सीजन को लेकर किसानों के लिए बड़े इंतजाम किए हैं. राज्य के बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने कहा है कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड धान की रोपाई के दौरान किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करेगा. सरकार का दावा है कि कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं.
चंडीगढ़ में जारी बयान में बिजली मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों के तहत राज्यभर में बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि धान सीजन के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके लिए कंट्रोल रूम, तकनीकी टीमें और शिकायत निवारण तंत्र को भी सक्रिय किया गया है.
बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि सरकार द्वारा धान सीजन के लिए चरणबद्ध बिजली सप्लाई शेड्यूल जारी किया गया है. उन्होंने कहा, 1 जून से गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब और होशियारपुर जिलों में 8 घंटे बिजली सप्लाई लागू की जाएगी. इसके अलावा, 5 जून से फरीदकोट, बठिंडा, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जिलों में यह व्यवस्था लागू होगी.
मंत्री के मुताबिक, 9 जून से लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, कपूरथला, जालंधर और एसबीएस नगर जिलों में किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी.
तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पीएसपीसीएल राज्य में कृषि हेतु जारी प्रत्येक मोटर कनेक्शन को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेगा, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के धान की रोपाई सुचारू रूप से कर सकें. उन्होंने किसानों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि पंजाब के किसान देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और सरकार इस दौरान हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है.
बिजली मंत्री ने बताया कि पूरे पंजाब में पीएसपीसीएल अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की समर्पित टीमें तैनात की गई हैं. इन टीमों को ट्रांसफार्मर खराबी, तकनीकी दोष और बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा, धान रोपाई के दौरान किसानों की शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के लिए समर्पित कंट्रोल रूम तथा शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत किया गया है.
सरकार के मुताबिक, पीएसपीसीएल ने ट्रांसमिशन लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य बिजली ढांचे से जुड़े जरूरी रखरखाव कार्य पहले ही पूरे कर लिए हैं, ताकि धान सीजन के दौरान बिजली सप्लाई में किसी तरह की बाधा न आए. अंत में मंत्री ने किसानों से बिजली का समझदारी से उपयोग करने और जारी शेड्यूल का पालन करने की अपील करते हुए कहा, राज्य सरकार किसान भाईचारे के हितों की रक्षा और पूरे पंजाब में धान सीजन को सफल एवं सुचारू बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी.