वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब विधानसभा में पेश की मान सरकार की उपलब्धियां, कांग्रेस पर बोला हमला

कौशल विकास पर बोलते हुए चीमा ने बताया कि सरकार ने तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) की क्षमता में 20,000 सीटों का विस्तार किया गया है.

Calendar
फॉलो करें:
Courtesy: India Daily

चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली AAP सरकार के विकास एजेंडे की विस्तृत रूपरेखा पेश की. उन्होंने कांग्रेस विधायकों के वॉकआउट की कड़ी आलोचना की और कहा कि वे इसलिए सदन छोड़कर चले गए क्योंकि AAP सरकार द्वारा राज्य में की गई प्रगति और विकास उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहा है.

युवाओं को 63,000 सरकारी नौकरियां, विदेश जाने का रुझान रुका

वित्त मंत्री ने युवा सशक्तिकरण और रोजगार पर सरकार के विशेष फोकस का जिक्र करते हुए कहा कि AAP सरकार ने कार्यकाल की शुरुआत में ही 30,000 सरकारी नौकरियों के लिए विज्ञापन जारी कर मजबूत संदेश दिया था. अब तक 63,000 सरकारी नौकरियां युवाओं को प्रदान की जा चुकी हैं.इस ऐतिहासिक पहल से युवा पीढ़ी का राज्य सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है और विदेश जाने के रुझान पर भी लगाम लगी है.

आईटीआई सीटों में 20,000 का विस्तार, कौशल विकास को बढ़ावा

कौशल विकास पर बोलते हुए चीमा ने बताया कि सरकार ने तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं.औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) की क्षमता में 20,000 सीटों का विस्तार किया गया है. पिछली सरकारों में पंजाब की 35,000 ITI सीटों में से कई खाली रह जाती थीं, लेकिन अब इनका बेहतर उपयोग हो रहा है.

'युद्ध नशेयां विरुद्ध' मुहिम से नशों का कारोबार खत्म करने के प्रयास

नशों के उन्मूलन पर वित्त मंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा.उन्होंने कहा कि 'चिट्टा' शब्द अकाली-भाजपा गठबंधन के दौर में पंजाब के माथे पर मढ़ा गया था.कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2017 चुनावों में गुटका साहिब हाथ में लेकर शपथ ली थी, लेकिन उनके शासन में भी नशों पर रोक नहीं लगी .इसके विपरीत, AAP सरकार 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' मुहिम के तहत नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है.

सामाजिक न्याय: SC वकीलों के लिए 58 पदों पर आरक्षण, 58 की भर्ती

सामाजिक न्याय और समानता पर चीमा ने कहा कि पिछली सरकारों ने सरकारी वकीलों की भर्ती में अनुसूचित जाति (SC) आरक्षण की मांग को नजरअंदाज किया था.आज AAP सरकार के कार्यकाल में यह आरक्षण लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप समाज के कमजोर वर्गों से 58 वकीलों की सफलतापूर्वक भर्ती हुई है.

कृषि में सिंचाई सुविधा: हजारों एकड़ भूमि को नहर का पानी

कृषि क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि AAP सरकार ने हजारों एकड़ कृषि योग्य भूमि को नहर के पानी से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई है, जो दशकों से इससे वंचित थी. इससे किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि हुई है.

वादों की पूर्ति वाली एकमात्र सरकार: AAP

अपने संबोधन के समापन में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में AAP सरकार पंजाब की एकमात्र ऐसी सरकार है, जिसने लोगों से किए सभी वादों और गारंटियों को सफलतापूर्वक पूरा किया है. उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष विकास की चर्चा सुन नहीं पा रहा, इसलिए सदन से वॉकआउट कर गया, यह चर्चा पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हुई, जहां राज्यपाल के अभिभाषण में भी सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता दी गई थी.

Tags :