menu-icon
The Bharatvarsh News

भोपाल में कुक से मारपीट के आरोप में IPL खिलाड़ी और उनके पिता के खिलाफ मामला दर्ज

भोपाल में IPL क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह और ड्राइवर के खिलाफ रसोइए से मारपीट, गाली-गलौज और बंधक बनाने का मामला सामने आया है.

Calendar Last Updated : 30 June 2026, 04:25 PM IST
Share:

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके रिटायर्ड आईपीएस पिता शैलेश सिंह और परिवार के ड्राइवर के खिलाफ एक रसोइए से मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का मामला दर्ज किया गया है. शिकायत के आधार पर रातीबड़ थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामला मेंदोरी गांव स्थित उनके आवास का बताया जा रहा है.

नौकरी के कुछ घंटों बाद ही बिगड़ा माहौल

रीवा निवासी 31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें एक परिचित के माध्यम से भोपाल बुलाया गया था. उन्हें हर महीने 15 हजार रुपये वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन काम शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद खाने की गुणवत्ता को लेकर उनसे नाराजगी जताई गई. आरोप है कि इसी बात पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.

नौकरी छोड़ने की बात पर मारपीट का आरोप

पीड़ित का कहना है कि घर का माहौल देखकर उन्होंने नौकरी छोड़कर रीवा लौटने की इच्छा जताई. इसके बाद उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया ताकि वे किसी से संपर्क न कर सके. शिकायत के अनुसार, उन पर जबरन काम करने का दबाव बनाया गया.

विपेंद्र ने खुद को बचाने के लिए एक कमरे में बंद कर लिया, लेकिन आरोप है कि शशांक सिंह, उनके पिता और ड्राइवर ने दरवाजा खुलवाकर उनके साथ मारपीट की. मेडिकल जांच में उनके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मिलने की भी पुष्टि हुई है.

भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज हुई एफआईआर

पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इसमें गाली-गलौज, मारपीट और समान इरादे से अपराध करने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित खबर

Recent News