नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल शुरु होने में अब महज चंद घंटे ही शेष रह गए हैं. आज शाम भारत और न्यूजीलैंड में से कोई एक टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर कर लेगा. फैंस इस मुकाबले के लिए पहले ही काफी उत्साहित हैं. इसी बीच भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी रविवार सुबह भारत को सपोर्ट करने अहमदाबाद पहुंच गए. जिससे फाइनल का उत्साह और बढ़ गया है.
माना जा रहा है कि वह स्टेडियम में बैठकर भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला खिताबी मुकाबला देख सकते हैं. यह फाइनल मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में से एक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगा, जबकि न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा.
बता दें भारत के विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर चर्चा एक बार फिर से तेज हो गई है. दरअसल भारत बनाम न्यूजीलैंड मुकाबले से पहले महेंद्र सिंह धोनी अमहदाबाद एयरपोर्ट पर दिखे. ऐसा कहा जा रहा है कि धोनी अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले के साक्षी बनने गए हैं.
MS DHONI HAS TOUCHDOWN AHMEDABAD FOR THE T20 WORLD CUP FINAL 🤩 pic.twitter.com/j7oJIpv872
— Cricket Central (@CricketCentrl) March 8, 2026
माही इससे पहले मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले को देखने पहुंचे थे, जहां भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मैच में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. उस दौरान उनकी पत्नी साक्षी भी उनके साथ मौजूद थीं. स्टेडियम में कई फिल्मी हस्तियां भी मैच का आनंद लेने पहुंची थीं.
इस बार भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का शानदार मौका है. अगर भारत यह फाइनल जीतता है, तो वह टी20 विश्व कप खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बन सकता है. इसके साथ ही मेजबान देश के रूप में ट्रॉफी जीतने और लगातार तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का भी रिकॉर्ड भी बना सकती है.
न्यूजीलैंड की टीम भी पूरे आत्मविश्वास के साथ फाइनल में पहुंची है. टीम के बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था. ऐसे में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भूमिका बेहद अहम होगी, जो अपनी सटीक लाइन-लेंथ से मैच का रुख बदल सकते हैं.
टी20 विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारत के खिलाफ भारी रहा है. ब्लैक कैप्स ने 2007, 2016 और 2021 में भारत को हराया था. हालांकि हाल ही में भारत ने घरेलू टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड को 4-1 से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया था. ऐसे में फाइनल मुकाबला रोमांच और कड़ी टक्कर से भरा होने की पूरी उम्मीद है.