Courtesy: Mausam
नई दिल्ली: मानसून के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. हालांकि दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बावजूद उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून सक्रिय बना हुआ है.दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन मौसम पूरी तरह सुहावना रहने की संभावना नहीं है. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है. नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. हरियाणा में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, बिजनौर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रह सकता है.
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. गया, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, कटिहार, भागलपुर, कैमूर, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और लखीसराय में मौसम खराब रह सकता है.
गंगेटिक पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को बेहद भारी बारिश का अनुमान है. सिक्किम में भी अच्छी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में पूरे सप्ताह कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है.
हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी सप्ताह के अधिकतर दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.