menu-icon
The Bharatvarsh News

महाराष्ट्र के बारामती में ट्रेनी विमान क्रैश, लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा, सुरक्षित बचे सभी लोग

बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार हो गया. राहत की बात है कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

Calendar Last Updated : 09 August 2026, 02:51 PM IST
Share:

मुंबई: महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती से एक बार फिर ट्रेनिंग विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है. बता दें, रविवार दोपहर बारामती एयरपोर्ट परिसर में लैंडिंग के दौरान एक निजी प्रशिक्षण विमान हादसे का शिकार हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और विमान में सवार लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान कम ऊंचाई पर था और लैंडिंग की कोशिश के दौरान रनवे से कुछ दूरी पर एयरपोर्ट परिसर के अंदर जा गिरा.

कब हुई ये घटना 

बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब 12:35 बजे हुई. विमान एयरपोर्ट पर उतरने की प्रक्रिया में था, तभी संतुलन बिगड़ने के बाद वह जमीन पर गिर गया. हादसे में विमान को भी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है. दुर्घटना की वजह क्या रही, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. मामले की जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा.

तीन महीने में दूसरी घटना

बारामती में ट्रेनिंग विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की यह इस साल की दूसरी घटना है. इससे पहले 13 मई 2026 को गोजुबावी गांव के पास एक प्रशिक्षण विमान ने क्रैश लैंडिंग की थी. उस विमान में सिर्फ ट्रेनी पायलट सवार था और वह सुरक्षित बच गया था. शुरुआती जांच में विमान में तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी.

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने बारामती एयरफील्ड में ट्रेनिंग उड़ानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. बारामती एयरफील्ड पर पहले भी विमान दुर्घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को लेकर सवाल उठते रहे हैं. विशेषज्ञों ने रनवे, नेविगेशन सुविधाओं और एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर जोर दिया है.

अजित पवार हादसे के बाद फिर चर्चा में बारामती

बारामती एयरपोर्ट जनवरी 2026 में हुए एक भीषण विमान हादसे के बाद भी सुर्खियों में आया था. 28 जनवरी को महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार को लेकर जा रहा चार्टर विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हुई थी. अब कुछ ही महीनों के भीतर ट्रेनिंग विमान से जुड़ी एक और घटना सामने आने के बाद बारामती एयरफील्ड की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है. हालांकि, रविवार के हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

सम्बंधित खबर

Recent News