कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक लग्जरी कार से हुए तेज रफ्तार हादसे ने पूरे देश में सनसनी मचा दी है. यह हादसा देश के हर व्यक्ति की जुबान पर दिख रहा है. पॉश ग्वालटोली इलाके में VIP रोड पर एक लैंबॉर्गिनी कार ने कई लोगों और गाड़ियों को टक्कर मार दी. इस हादसे में छह लोग घायल हो गए. आरोप है कि कार तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम मिश्रा चला रहा था. पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार को दोपहर करीब 3:15 बजे रेव-3 मॉल के पास हुई. शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था. उस समय FIR में शिवम मिश्रा का नाम शामिल नहीं था. पुलिस ने कहा कि ड्राइवर की पहचान तुरंत नहीं हो पाई थी, इसलिए गाड़ी की नंबर प्लेट के आधार पर मामला दर्ज किया गया था.
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए गए. इसके बाद पुलिस पर दबाव पड़ा. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि शिवम मिश्रा कार चला रहा था. इसके बाद FIR में उसका नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई.
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हादसे में तौफीक नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. वह अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़ा था, तभी कार ने उसे टक्कर मार दी. तौफीक कई मीटर दूर जा गिरा और उसके हाथ-पैर में चोटें आईं. अन्य घायल लोगों को भी फ्रैक्चर और मामूली चोटें आई हैं. सभी को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के चश्शमदीदों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी. फिर उसने सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को कुचल दिया. मोटरसाइकिल सवार करीब 10 फीट हवा में उछल गया. कार उसे कुछ दूर तक घसीटती रही, फिर एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई.
हादसे के बाद स्थानीय लोग गुस्से में घटनास्थल पर जमा हो गए. उन्होंने कार को घेर लिया. आरोप है कि आरोपी के साथ मौजूद एक बाउंसर ने भीड़ को हटाने की कोशिश की और बदतमीजी की, जिससे तनाव और बढ़ गया. पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को कार से बाहर निकाला. उसके बाद घायलों को अस्पताल ले गई.
पुलिस ने लैंबॉर्गिनी कार जब्त कर ली है. शराब पीकर गाड़ी चलाने की संभावना को लेकर जांच चल रही है. इस बीच, स्थानीय लोगों और पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी के परिवार के प्रभाव के कारण पुलिस नरमी बरत रही है और उन पर समझौता करने का दबाव डाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी.