Courtesy: social media
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास छोड़ने जा रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार शनिवार 2 मई को 1 अणे मार्ग स्थित सीएम आवास छोड़कर 7 सर्कुलर रोड के बंगले में शिफ्ट हो जाएंगे.
नीतीश कुमार ने 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. तब से वे 1 अणे मार्ग वाले मुख्यमंत्री आवास में ही रह रहे थे. अब नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए इस आवास को खाली किया जा रहा है. आवास खाली होने के बाद इसमें मेंटेनेंस और रेनोवेशन का काम शुरू होगा. काम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस आवास में शिफ्ट होंगे.
7 सर्कुलर रोड स्थित बंगला बिहार सरकार का टाइप-VII VIP आवास है. यह बंगला आमतौर पर पूर्व मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्रियों या बड़े नेताओं को दिया जाता है. नीतीश कुमार के लिए इस बंगले को पहले ही तैयार कर लिया गया है. सूत्र बताते हैं कि 1 अणे मार्ग से उनका सारा सामान पहले ही 7 सर्कुलर रोड भेज दिया गया है.
वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फिलहाल डिप्टी सीएम वाले 5 देशरत्न मार्ग के आवास में हैं. उनका परिवार पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रहता है. सीएम आवास तैयार होने के बाद वे वहां शिफ्ट होंगे.
1 अणे मार्ग बिहार का आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास है. नीतीश कुमार जब भी मुख्यमंत्री रहे, यही उनका मुख्य निवास रहा. साल 2014 में इस्तीफा देने के बाद जीतन राम मांझी भी कुछ समय इसी आवास में रहे थे. बाद में नीतीश कुमार दोबारा सीएम बनकर यहीं लौटे थे.
नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली थी और 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. अब वे राज्यसभा सांसद के रूप में दिल्ली में भी एक सरकारी आवास का हकदार हो गए हैं. नीतीश कुमार के आवास बदलने से बिहार राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है.