अहमदाबाद: गांव के धार्मिक कार्यक्रम में नाश्ता खाते ही करीब सैकड़ों लोग पड़े बीमार, जांच जारी

अहमदाबाद के राजपुरा गांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सेव-खमानी खाने से करीब 100 लोग बीमार हो गए. 96 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 38 भर्ती हैं और सभी की हालत स्थिर है.

Calendar
फॉलो करें:
Courtesy: Grok AI

अहमदाबाद: अहमदाबाद जिले के एक गांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान परोसे गए नाश्ते को खाने के बाद करीब 100 लोग अचानक बीमार हो गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यह घटना राजपुरा गांव में हुई, जहां बुधवार रात आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे. कार्यक्रम के दौरान लोगों को ‘सेव-खमानी’ नाम का स्थानीय नाश्ता परोसा गया था.

जानकारी के अनुसार नाश्ता खाने के कुछ ही घंटों बाद कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द और दस्त जैसी समस्याएं शुरू हो गईं. देर रात और गुरुवार सुबह के शुरुआती घंटों में हालत बिगड़ने पर 96 लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने बताया कि सभी मरीजों की हालत अब स्थिर है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है.

डॉक्टर ने क्या बताया?

जिला महामारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. चिंतन देसाई ने बताया कि अस्पताल में भर्ती 96 लोगों में से 38 अभी भी इलाज के लिए भर्ती हैं, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. उन्होंने कहा कि सभी मरीजों की स्थिति नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है.

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्या लिया एक्शन?

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत गांव पहुंची और हालात का जायजा लिया. टीम ने गांव में जांच अभियान शुरू किया और प्रभावित लोगों के संपर्क में आए अन्य ग्रामीणों की भी जांच की. करीब 214 ऐसे लोगों को एहतियात के तौर पर दवा दी गई, जिन्होंने वही नाश्ता खाया था लेकिन अभी तक उनमें लक्षण नहीं दिखे थे.

क्या थी इसकी वजह?

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग को भी सूचना दी गई है. अधिकारियों ने नाश्ते और पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि बीमारी के सही कारण का पता लगाया जा सके. शुरुआती तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है, लेकिन अंतिम पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

ग्रामीणों में इस घटना के बाद डर और चिंता का माहौल है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और साफ-सफाई का ध्यान रखने की अपील की है. 

Tags :