Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार से अच्छी खबर नहीं आई है. क्रूड ऑयल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है और ब्रेंट क्रूड 91 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर आने वाले दिनों में भारत में ईंधन की कीमतों पर पड़ सकता है, हालांकि बुधवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के खुदरा दाम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है.
बाजार में तेजी के पीछे वैश्विक आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंता और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूस से जुड़े हालिया बयानों को भी एक कारण माना जा रहा है. बुधवार सुबह ब्रेंट क्रूड करीब 91.40 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया, जबकि WTI क्रूड की कीमत लगभग 85 डॉलर प्रति बैरल रही.
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से तेल कंपनियों की लागत पर सीधा असर पड़ता है. माना जाता है कि क्रूड की कीमत में हर 10 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी कंपनियों के खर्च को काफी बढ़ा सकती है. हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के बावजूद भारतीय तेल कंपनियों ने 19 अगस्त को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़े स्तर पर बदलाव नहीं किया. कई राज्यों और शहरों में स्थानीय टैक्स और अन्य कारणों से मामूली उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला है.
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. नोएडा में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये और डीजल 95.56 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. फरीदाबाद में पेट्रोल 103.28 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.94 रुपये प्रति लीटर है.
छत्तीसगढ़ में पेट्रोल 2 पैसे बढ़कर 108.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है. हरियाणा में इसकी कीमत 31 पैसे बढ़कर 103.28 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई. हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल 64 पैसे महंगा होकर 103.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है. लद्दाख में पेट्रोल 23 पैसे सस्ता होकर 108.78 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. जम्मू-कश्मीर में भी राहत मिली है, जहां पेट्रोल 1.16 रुपये घटकर 104.13 रुपये प्रति लीटर हो गया. वहीं, चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.54 रुपये, दिल्ली में 102.12 रुपये, मध्य प्रदेश में 114.37 रुपये और त्रिपुरा में 104.96 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है.
छत्तीसगढ़ में डीजल 3 पैसे बढ़कर 101.35 रुपये प्रति लीटर हो गया है. हरियाणा में डीजल 30 पैसे महंगा होकर 95.94 रुपये और हिमाचल प्रदेश में 69 पैसे बढ़कर 95.21 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है. लद्दाख में डीजल 22 पैसे सस्ता होकर 93.91 रुपये प्रति लीटर हो गया. दिल्ली में डीजल 95.20 रुपये, चंडीगढ़ में 89.47 रुपये, लक्षद्वीप में 102.80 रुपये और मध्य प्रदेश में 99.49 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. वहीं, जम्मू-कश्मीर में डीजल 94 पैसे घटकर 92.81 रुपये प्रति लीटर रह गया है.