Courtesy: Screengrab: X/@ANI
कोलकाता: बुधवार तड़के कोलकाता के एक होटल में लगी भीषण आग ने कई जिंदगियां छीन लीं. रात के समय होटल में ठहरे लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक धुएं और आग की लपटों से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुआ. बुधवार तड़के करीब 2 बजे होटल में आग लग गई. देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और होटल में ठहरे लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. इसके बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया. अग्निशमन कर्मियों ने होटल में फंसे लोगों को बाहर निकालने और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की.
#WATCH | Nine people have died and several have suffered injuries in a fire that broke out in a hotel in Kolkata's Mirza Ghalib Street around 2 am today
— ANI (@ANI) August 19, 2026
Teams of Police and Civil Defence are present at the accident site pic.twitter.com/P6Q8kcImzI
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग के साथ उठे घने धुएं के कारण बचाव अभियान में काफी परेशानी हुई. ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो गया था और सीढ़ियों के जरिए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में भी दिक्कत आई. काफी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे. फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम होटल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग कहां और कैसे लगी.
पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में होटल में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है. सोमवार को बीरभूम जिले के एक चार मंजिला होटल में भी आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई थी. उस घटना में शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी. उस समय सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण होटल में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री ठहरे हुए थे. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने होटल और अन्य व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.