menu-icon
The Bharatvarsh News

बिहार में TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज, BPSC शाम तक जारी कर सकता भर्ती का नोटिफिकेशन

बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों ने गर्दनीबाग में आमरण अनशन शुरू कर दिया है. इसी बीच BPSC के आज शाम तक भर्ती विज्ञापन जारी करने की चर्चा है. छात्रों ने आधिकारिक नोटिफिकेशन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है.

Calendar Last Updated : 18 August 2026, 04:13 PM IST
Share:

पटना: दिल्ली और रांची के बाद अब बिहार में भी छात्रों का आंदोलन जोर पकड़ता दिख रहा है. मंगलवार सुबह पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर TRE-4 शिक्षक भर्ती समेत लंबित परीक्षाओं के अभ्यर्थी आमरण अनशन पर बैठ गए. इसी बीच खबर है कि BPSC आज शाम तक TRE-4 परीक्षा का विज्ञापन जारी कर सकता है. ऐसे में अब सबकी नजर आयोग और शिक्षा विभाग के अगले कदम पर है.

सूत्रों के मुताबिक, बिहार सरकार छात्रों के आंदोलन को बड़ा रूप लेने से पहले ही उनकी मुख्य मांग पर फैसला करना चाहती है. इसी वजह से TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी करने की तैयारी की बात सामने आ रही है. हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर विज्ञापन जारी नहीं हुआ है.

आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थी

छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गर्दनीबाग में जुटे हैं. उनकी प्रमुख मांग TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी करना है. इसके अलावा अभ्यर्थी परीक्षा को सिंगल फेज में कराने और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं. छात्रों ने साफ कहा है कि केवल आश्वासन से आंदोलन खत्म नहीं होगा. उन्हें आधिकारिक नोटिफिकेशन चाहिए. अगर पांच दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं हुआ, तो विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी गई है.

शाम तक जारी हो सकता है विज्ञापन

गर्दनीबाग में सुबह से ही अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ रही है. छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि अगर मंगलवार शाम तक आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं होता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. सूत्रों का दावा है कि BPSC और शिक्षा विभाग के बीच इस मुद्दे पर बातचीत चल रही है. सरकार दिल्ली और झारखंड में हुए छात्र आंदोलनों से सबक लेते हुए बिहार में स्थिति को बड़ा होने से पहले संभालना चाहती है.

अब सबसे अहम बात यह है कि क्या आज शाम तक TRE-4 का आधिकारिक विज्ञापन सामने आता है. अगर ऐसा होता है तो छात्रों के आंदोलन पर असर पड़ सकता है. फिलहाल अभ्यर्थी अपनी मांग पर कायम हैं और उनका कहना है कि लिखित नोटिफिकेशन मिलने के बाद ही अगले कदम पर फैसला लिया जाएगा.

सम्बंधित खबर

Recent News