Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: सोने की कीमतों में लगातार तेजी के बाद अब कुछ राहत देखने को मिल रही है. 14 अगस्त की सुबह देश के कई शहरों में 24 कैरेट गोल्ड का भाव नीचे आया. दिल्ली में सोना घटकर 1,53,740 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि मुंबई में यह 1,53,590 रुपये पर पहुंच गया. हालिया तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली को कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह माना जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की चमक थोड़ी फीकी पड़ी है. हाजिर सोना गिरकर 4,354.58 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. अमेरिकी महंगाई के ताजा आंकड़े बाजार की उम्मीद के करीब रहे हैं. अमेरिकी लेबर डिपार्टमेंट के ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स के अनुसार, जुलाई में कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी CPI में 0.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. जून में इसमें गिरावट दर्ज की गई थी. वहीं, जुलाई तक के 12 महीनों में अमेरिका की खुदरा महंगाई 3.4 फीसदी बढ़ी. यह आंकड़ा अर्थशास्त्रियों के अनुमान के अनुरूप रहा. महंगाई के इन आंकड़ों का असर सोने जैसी सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों पर भी पड़ता है.
जुलाई में अमेरिका के प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स यानी PPI में जून के मुकाबले कोई बदलाव नहीं हुआ. सामानों की कीमतों में कमी ने सर्विस सेक्टर की बढ़ती लागत के असर को संतुलित कर दिया. हालांकि, आंकड़े यह संकेत देते हैं कि महंगाई का दबाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. जुलाई तक एक साल की अवधि में PPI में 4.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
दिल्ली: 24 कैरेट सोना 1,53,740 रुपये और 22 कैरेट 1,40,940 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
मुंबई और कोलकाता: दोनों शहरों में 24 कैरेट सोना 1,53,590 रुपये और 22 कैरेट 1,40,790 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
चेन्नई: यहां 24 कैरेट गोल्ड 1,55,140 रुपये और 22 कैरेट 1,42,210 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है.
पुणे और बेंगलुरु: इन दोनों शहरों में 24 कैरेट सोना 1,53,590 रुपये और 22 कैरेट 1,40,790 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
सोने के साथ चांदी की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई है. 14 अगस्त की सुबह घरेलू बाजार में चांदी का भाव घटकर 2,54,900 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर 64.51 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है.