menu-icon
The Bharatvarsh News

बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखें सोनू सूद! लोगों ने काटा बवाल, अभिनेता ने दी सफाई

सोनू सूद का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में बिना हेलमेट और शर्टलेस बाइक चलाते नजर आ रहे हैं. हालांकि सोनू सूद ने इसके पीछे की कहानी लोगों को बता दी है.

Calendar Last Updated : 27 May 2025, 02:55 PM IST
Share:

Sonu Sood: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में बिना हेलमेट और शर्टलेस बाइक चलाने का उनका पुराना वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सोनू बिना किसी सुरक्षात्मक गियर के बर्फीली सड़कों पर बाइक चलाते दिख रहे हैं. यह वीडियो 2023 का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों ने नाराजगी जताई.

वीडियो के वायरल होने के बाद स्पीति पुलिस ने वीडियो पर संज्ञान लिया. उन्होंने एक्स पर बयान जारी किया. बयान में कहा गया कि एक बॉलीवुड अभिनेता का यातायात नियम तोड़ने का वीडियो वायरल है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह 2023 का हो सकता है. जांच का जिम्मा डीएसपी काइलंग को सौंपा गया है. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया. उन्होंने सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की.

सोनू सूद ने बताई वजह 

सोनू सूद ने विवाद के बढ़ने के बाद एक्स पर अपना जवाब दिया. उन्होंने लिखा कि सुरक्षा से पहले हम कानून का पालन करते हैं. यह पुरानी क्लिप मेरी फिल्म की स्क्रिप्ट का हिस्सा थी. इसे नजरअंदाज करें. उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह हेलमेट पहने बाइक चला रहे हैं. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह वीडियो किस प्रोजेक्ट का था.

सोनू सूद को खुद लोगों को हमेशा हेलमेट पहनने की सलाह देते हुए देखा गया है. इसके अलावा उन्होंने सीट बेल्ट की अहमियत पर भी कई बार जोर दिया है. उनकी पत्नी सोनाली सूद के कार हादसे के बाद उन्होंने एक वीडियो में बताया कि सीट बेल्ट ने उनके परिवार को बचाया. ऐसे में सोनू सूद के बिना हेलमेट का वीडियो वायरल होना लोगों के लिए एक चिंता जनक बात थी. 

लोगों ने दी प्रतिक्रिया 

सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने उनपर भरोसा जताते हुए कमेंट में लिखा कि हो सकता है यह उनके किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा हो. हालांकि कुछ लोगों ने उनकी सफाई सुने बिना उन्हें हेलमेट पहनने की सलाह दे दी. एक  यूजर ने लिखा कि आप प्रेरणा हैं, लेकिन बिना हेलमेट बाइक चलाना गलत है. दूसरे ने कहा कि स्पीति जैसे खतरनाक इलाके में यह लापरवाही ठीक नहीं है.

वहीं कुछ ने हिमाचल पुलिस से कार्रवाई की मांग की. पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने भी स्पीति जैसे संवेदनशील क्षेत्र में लापरवाही पर चिंता जताई है. लेकिन उनके फैंस ने उनपर भरोसा जताया है. हालांकि फिलहाल के लिए पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है. 

सम्बंधित खबर

Recent News