menu-icon
The Bharatvarsh News

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बिखर गया रिया चक्रवती का परिवार, पिता की गई नौकरी

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद रिया चक्रवर्ती का जीवन पूरी तरह बदल गया। करियर में आई रुकावटों के साथ-साथ उनके परिवार में भाई और पिता को भारी मानसिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

Calendar Last Updated : 18 August 2026, 01:21 PM IST
Share:

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आकस्मिक निधन ने कई जिंदगियों को पूरी तरह बदलकर रख दिया। इस दुखद घटना के बाद सबसे ज्यादा मानसिक, सामाजिक और पेशेवर प्रताड़ना जिस एक नाम ने झेली, वह रिया चक्रवर्ती थीं। सुशांत को डेट कर रही रिया पर अचानक आरोपों की बौछार हुई, जिसके बाद उन्हें लंबे समय तक सार्वजनिक नफरत और मीडिया ट्रायल का सामना करना पड़ा। ड्रग्स से जुड़े एक मामले में गिरफ्तारी के बाद न केवल रिया का करियर ठप हो गया, बल्कि उनके परिवार को भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी। हाल ही में कोरियोग्राफर और निर्देशक फराह खान के यूट्यूब व्लॉग पर बातचीत करते हुए रिया ने अपने और अपने परिवार के इस दर्दनाक दौर की परतें खोलीं। उन्होंने बताया कि कैसे इस एक घटना ने उनके भाई और पिता के भविष्य पर भी ग्रहण लगा दिया था।

भाई शोविक का बर्बाद हुआ करियर

रिया चक्रवर्ती के छोटे भाई शोविक चक्रवर्ती एक मेधावी छात्र थे। उन्होंने CAT परीक्षा में 97 पर्सेंटाइल हासिल कर IIM में प्रवेश प्राप्त कर लिया था। उनकी पूरी फीस भी जमा हो चुकी थी, लेकिन साल 2020 में केस दर्ज होने और पुलिस हिरासत में लिए जाने की वजह से वह पढ़ाई का पहला ट्राइमेस्टर पूरा नहीं कर सके। 

जेल से बाहर आने के बाद भी मुश्किलें कम नहीं हुईं। समाज की बेरुखी का आलम यह था कि शोविक को कोई भी कॉरपोरेट कंपनी नौकरी देने को तैयार नहीं थी। दोनों बहन-भाई महीनों तक घर पर खाली बैठने को मजबूर थे क्योंकि इंडस्ट्री ने उनसे दूरी बना ली थी।

सेना से सेवानिवृत्त पिता को गंवानी पड़ी अस्पताल की नौकरी

इस पूरे घटनाक्रम का असर केवल रिया और शोविक तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके पिता भी इसका शिकार बने। रिया के पिता एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर हैं, जो देश की सेवा कर चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें एक नामी और बड़े अस्पताल में मेडिकल सुपरिटेंडेंट के पद पर एक सम्मानजनक नौकरी मिली थी। 
हालांकि, जैसे ही अस्पताल प्रशासन को यह जानकारी मिली कि वह रिया चक्रवर्ती के पिता हैं, उन पर दबाव बढ़ा और उन्हें वह नौकरी छोड़नी पड़ी। रिया ने भरे मन से बताया कि समाज के इस कड़े बहिष्कार ने उनके पूरे परिवार को सामाजिक और आर्थिक रूप से तोड़कर रख दिया था।

कानूनी राहत के बाद 'चैप्टर 2' से नई शुरुआत

सालों तक चले इस लंबे कानूनी संघर्ष की कमान सीबीआई के हाथों में थी। आखिरकार, रिया और उनके परिवार के खिलाफ कोई ठोस सबूत न मिलने पर कोर्ट ने उन्हें पिछले साल क्लीन चिट दे दी। कानूनी अड़चनों से राहत मिलने के बाद रिया और शोविक ने हिम्मत जुटाकर अपनी जिंदगी को दोबारा ढर्रे पर लाने का फैसला किया। दोनों ने मिलकर 'चैप्टर 2' नाम से अपना एक क्लोथिंग ब्रांड और एक पॉडकास्ट शुरू किया, जिसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस नए व्यावसायिक उपक्रम की सफलता के बल पर रिया ने हाल ही में अपना नया घर भी खरीदा है।

शोबिज में दमदार वापसी

रिया चक्रवर्ती के छोटे भाई शोविक चक्रवर्ती एक मेधावी छात्र थे। उन्होंने CAT परीक्षा में 97 पर्सेंटाइल हासिल कर IIM में प्रवेश प्राप्त कर लिया था। साल 2020 से 2025 के कठिन संघर्ष के बाद अब रिया चक्रवर्ती मनोरंजन जगत में भी पूरी ताकत के साथ कमबैक कर चुकी हैं। वे इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो के बहुचर्चित रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' में नजर आ रही हैं। इसके अलावा, वह जल्द ही नेटफ्लिक्स की एक बड़े बजट की वेब सीरीज में दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर और विजय वर्मा के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखाई देंगी। रिया की यह वापसी न केवल उनके पेशेवर पुनर्जन्म का प्रतीक है, बल्कि कठिन से कठिन दौर से उबरने की उनकी जिजीविषा को भी दर्शाती है।

सम्बंधित खबर

Recent News