Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर जारी अटकलों के बीच उनका एक नया वीडियो सामने आया है. ईरानी मीडिया ने 12 सेकंड का एक छोटा और बिना तारीख वाला वीडियो जारी किया है, जिसमें मोजतबा अपने सलाहकारों और अधिकारियों के साथ बैठक करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं और अमेरिका के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान की रणनीति पर चर्चा करते दिखते हैं. ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने अपनी वेबसाइट पर इसे मोजतबा खामेनेई का नया वीडियो बताते हुए साझा किया है. हालांकि वीडियो कब का है, इसकी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है.
बता दें कि इस वीडियो को ऐसे समय जारी किया गया है जब कुछ इजरायली मीडिया रिपोर्टों में मोजतबा की तबीयत बेहद खराब होने का दावा किया गया. कुछ रिपोर्टों में उनके अस्पताल में भर्ती होने की बात भी कही गई है. जेरूसलम पोस्ट ने अपनी एक रिपोर्ट में यहां तक दावा किया कि मोजतबा की हालत इतनी गंभीर है कि आने वाले कुछ दिनों में उनकी मौत की खबर सामने आ सकती है. हालांकि, ईरानी मीडिया की ओर से जारी ताजा वीडियो इन दावों को खारिज कर दिया है. वीडियो की तारीख और इसे रिकॉर्ड किए जाने की जगह की पुष्टि नहीं हुई है.
🇮🇷 Iran's semi-official Mehr news agency has released a rare video of Supreme Leader Mojtaba Khamenei — the first footage circulated since he took power on March 8, following the assassination of his father, Ali Khamenei, in the US-Israeli strikes of Feb. 28.
— 🔥🗞The Informant (@theinformant_x) August 9, 2026
Two important… pic.twitter.com/ivAh8JG3kN
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कई बार मोजतबा की खराब सेहत को लेकर दावा कर चुके हैं. 56 वर्षीय मोजतबा अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से सार्वजनिक तौर पर दिखाई नहीं दिए हैं. यहां तक कि वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नजर नहीं आए. उनके तीनों भाई अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे. इसी वजह से उनकी स्थिति को लेकर अटकलें लगातार बनी हुई हैं.
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने भी हाल में कहा था कि मौजूदा हालात में मोजतबा से संपर्क करना बेहद मुश्किल हो गया है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मौजूदगी ईरान के लिए आगे बढ़ने की बड़ी ताकत है. ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, संघर्ष शुरू होने के बाद पेज़ेश्कियन ने तेहरान में एक गुप्त जगह पर मोजतबा से मुलाकात करने की कोशिश की थी. रिपोर्ट में दावा किया गया कि यह मुलाकात गहरे रंग की शीशे वाली कार में हुई थी और पेज़ेश्कियन मोजतबा को देख भी नहीं सके.
रिपोर्ट के मुताबिक, पेज़ेश्कियन ने जिस व्यक्ति से बातचीत की, उसने खुद को मोजतबा बताया था. लेकिन राष्ट्रपति को उसकी पहचान पर पूरी तरह भरोसा नहीं हुआ और उन्होंने उससे सीधे पूछा कि क्या वह वास्तव में मोजतबा हैं. इसके बाद पेज़ेश्कियन ने दोबारा मुलाकात की कोशिश की, लेकिन मोजतबा के कार्यालय ने उनका अनुरोध स्वीकार नहीं किया.