Artemis 2 Launch: 50 साल बाद चांद की ओर निकले 4 इंसान, 10 दिन के इस मिशन से कैसे बदलेगी दुनिया?

अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में अमेरिका ने एक बड़ी कीर्तिमान करके दिखा दिया है. NASA का 'Artemis II' चांद की ओर रवाना हो गया है...

Calendar
फॉलो करें:
Courtesy: X

अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में एक नए स्वर्ण युग की शुरुआत हो चुकी है. आधी सदी से भी अधिक समय के बाद, इंसान एक बार फिर चंद्रमा के करीब जा रहा है. बुधवार शाम फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च पैड 39B से नासा के सबसे शक्तिशाली स्पेस लॉन्च सिस्टम रॉकेट ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी. यह अपने साथ ओरियन अंतरिक्ष यान में चार अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा के ऐतिहासिक 'टेस्ट मिशन' पर ले जा रहा है.

10 दिन का यह मिशन क्यों है खास?

आर्टेमिस-2 मिशन में नासा के रीड वाइसमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडाई स्पेस एजेंसी के जेरेमी हैनसेन शामिल हैं. यह 10 दिनों का मिशन है, जो चंद्रमा पर इंसानों की स्थायी मौजूदगी और भविष्य के मंगल अभियानों की ठोस नींव रखेगा. उड़ान के तुरंत बाद ओरियन ने अंतरिक्ष में अपने सोलर विंग्स खोल दिए हैं और क्रू ने लाइफ सपोर्ट सिस्टम्स की जांच शुरू कर दी है.

नासा के प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने इस ऐतिहासिक क्षण पर कहा, "यह सिर्फ एक मिशन नहीं है, बल्कि चंद्रमा पर हमारी वापसी का प्रतीक है, जहां हम सिर्फ घूमने नहीं, बल्कि अंतत अपने मून बेस पर रहने के लिए जा रहे हैं. यह राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के विजन को आगे बढ़ाते हुए अपोलो के बाद की पीढ़ी के लिए एक नया अध्याय खोल रहा है."

आगे का सफर

लॉन्च के बाद रॉकेट के ऊपरी चरण ने ओरियन को पृथ्वी से लगभग 46,000 मील दूर एक ऊंची कक्षा में स्थापित कर दिया है. इसके साथ ही, विभिन्न देशों के चार छोटे उपग्रह भी वैज्ञानिक जांच के लिए तैनात किए गए हैं. यदि सभी प्रणालियां ठीक काम करती हैं, तो गुरुवार, 2 अप्रैल को मिशन कंट्रोल ओरियन को ट्रांसलूनर इंजेक्शन बर्न का कमांड देगा. यह 6 मिनट की फायरिंग यान को सीधे चंद्रमा के प्रक्षेपवक्र पर भेज देगी.

चंद्रमा के बेहद करीब से उड़ान भरेंगे

योजना के अनुसार, 6 अप्रैल को अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा के बेहद करीब से उड़ान भरेंगे. इस दौरान वे चंद्रमा के उस दूर वाले हिस्से को अपनी आंखों से देखेंगे, जिसे पृथ्वी से देखना असंभव है. वहां की तिरछी रोशनी और लंबी परछाइयों से चंद्रमा के पहाड़ों और क्रेटर्स का गहराई से अध्ययन किया जाएगा.

Tags :