menu-icon
The Bharatvarsh News

अमेरिका में खूनी हमला! शॉपिंग सेंटर में अंधाधुंध फायरिंग, कई अस्पताल में भर्ती

अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स स्थित एक शॉपिंग सेंटर में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए.

Calendar Last Updated : 02 August 2026, 11:09 AM IST
Share:

नई दिल्ली: अमेरिका में गन वायलेंस की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर का है, जहां शनिवार दोपहर एक व्यस्त शॉपिंग सेंटर में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया. पूरे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा.

'इन-एन-आउट बर्गर' के पास शुरू हुई फायरिंग

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई. हमलावर ने मशहूर 'इन-एन-आउट बर्गर' रेस्तरां के पास स्थित शॉपिंग एरिया में अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दी. फायरिंग शुरू होते ही वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए दुकानों और पार्किंग क्षेत्र की ओर भागने लगे. कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका अफरा-तफरी से भर गया.

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया

घटना की सूचना मिलते ही ट्विन फॉल्स पुलिस विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले हमलावर को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने गोलीबारी जारी रखी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमलावर की मौत हो गई.

पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने प्रेस वार्ता में बताया कि संदिग्ध अब मारा जा चुका है और फिलहाल आम लोगों के लिए किसी तरह का खतरा नहीं है. उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी हैं.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. इनमें एक व्यक्ति एआर-स्टाइल राइफल लेकर रेस्तरां के बाहर घूमता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वह पार्किंग लॉट में फायरिंग करता नजर आता है. हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है.

सुरक्षा बढ़ी, गन कानूनों पर फिर बहस

घटना के बाद पुलिस ने शॉपिंग सेंटर के आसपास की सड़कों और पास के पुल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. करीब 55 हजार की आबादी वाले ट्विन फॉल्स में हुई इस घटना ने अमेरिका में बढ़ती गन वायलेंस को लेकर चिंता और बढ़ा दी है. 

हाल के महीनों में सार्वजनिक स्थानों पर लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं के बाद हथियारों पर सख्त कानून और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है.

सम्बंधित खबर

Recent News