menu-icon
The Bharatvarsh News

सावन के आखिरी सोमवार पर मधेपुरा के सिंहेश्वर मंदिर में मचा हड़कंप, कई श्रद्धालु घायल

सावन की अंतिम सोमवारी पर मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में भारी भीड़ के कारण मुख्य द्वार पर अचानक दबाव बढ़ गया. भगदड़ जैसी स्थिति में छह श्रद्धालु घायल हुए. प्रशासन ने तुरंत हालात संभालकर सुरक्षा बढ़ा दी.

Calendar Last Updated : 24 August 2026, 11:47 AM IST
Share:

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जुट गई. भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ते-बढ़ते इतनी ज्यादा हो गई कि मुख्य प्रवेश द्वार पर अचानक दबाव बन गया. एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में धक्का-मुक्की शुरू हुई और देखते ही देखते मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. कुछ ही पलों में वहां चीख-पुकार मच गई और लोग अपने साथ आए लोगों को सुरक्षित निकालने में जुट गए.

अचानक बिगड़ी स्थिति में करीब छह श्रद्धालु घायल हो गए. इनमें चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. भीड़ के बीच फंसी कुछ महिलाओं को सुरक्षाकर्मियों ने बाहर निकाला. सभी घायलों को तुरंत मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं.

समय रहते संभाली गई स्थिति

अंतिम सोमवारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया था. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे थे. जैसे ही मुख्य द्वार पर भीड़ का दबाव बढ़ा, सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और स्थिति को काबू में करने की कोशिश शुरू कर दी.

ऐसे बिगड़े हालात

यह घटना सुबह करीब 6:25 से 7 बजे के बीच मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर हुई. ज्यादा भीड़ होने के कारण वहां अचानक दबाव बढ़ गया. धक्का-मुक्की के दौरान कुछ श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़े और भीड़ के नीचे दब गए. मौके पर मौजूद पुलिस, प्रशासन और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने तुरंत लोगों को पीछे हटाया. इसके बाद जमीन पर गिरे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. घायलों को बिना देरी किए अस्पताल भेजा गया.

मंदिर में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद मंदिर परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर रहकर स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं. प्रवेश और निकास व्यवस्था को भी नियंत्रित किया जा रहा है. प्रशासन की तत्परता से फिलहाल स्थिति सामान्य है. मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक फिर से सुचारू रूप से जारी है. श्रद्धालु अब सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक दर्शन कर रहे हैं.

सम्बंधित खबर

Recent News