menu-icon
The Bharatvarsh News

देवेगौड़ा के पोते रेवन्ना को JDS ने किया निलंबित, सेक्स स्कैंडल से जुड़े मामले की एसआईटी जांच जारी

JDS ने सांसद प्रज्वल रेवन्ना को निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ कई महिलाओं द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों पर कारण बताओ नोटिस जारी किया.

Calendar Last Updated : 30 April 2024, 02:04 PM IST
Share:

कर्नाटक में जनता दल (सेक्युलर) ने मंगलवार को हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना को निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ कई महिलाओं द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया. सेक्युलर ने अपनी कोर कमेटी की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना को निलंबित करने का फैसला किया है.

प्रज्वल रेवन्ना पर उनकी पूर्व नौकरानी की शिकायत के बाद 28 अप्रैल को कथित यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था. यौन उत्पीड़न, धमकी और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 354 ए, 354 डी, 506 और 509 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

रेवन्ना को JDS ने पार्टी से किया निलंबित

JDS कोर कमेटी के अध्यक्ष जीटी देवेगौड़ा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को एसआईटी जांच पूरी होने तक उन्हें पार्टी से निलंबित करने की सिफारिश करने का फैसला किया है. इस बैठक में JDS अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी और अन्य सदस्यों ने भाग लिया. इस दौरान कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि उनके भतीजे प्रज्वल रेवन्ना एसआईटी जांच पूरी होने तक निलंबित रहेंगे.

क्या है मामला

दरअसल, ये मामला सेक्स स्कैंडल से जुड़ा हुआ है. प्रज्वल रेवन्ना जो पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के पोते हैं उनपर यौन उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ है. रेवन्ना का एक आपत्तिजनक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में कथित तौर पर कई महिलाओं के साथ गलत हरकत करते देखा गया था. हालांकि वायरल वीडियो को मॉर्फ्ड बताते हुए रेवन्ना ने खारिज कर दिया था.

शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने दावा किया है कि प्रज्वल रेवन्ना और उनके पिता एचडी रेवन्ना दोनों ने उसका यौन उत्पीड़न किया था। शिकायतकर्ता ने आगे दावा किया कि जब रेवन्ना की पत्नी घर पर नहीं होती थी, तो वह उसे गलत तरीके से छूता था और उसके साथ यौन उत्पीड़न करता था. आईपीएस अधिकारी विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता वाली एसआईटी और डीजी सीआईडी ​​सुमन डी पेडनेकर और आईपीएस अधिकारी सीमा लाटकर ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

सम्बंधित खबर

Recent News