menu-icon
The Bharatvarsh News

मुकेश अंबानी ने पीएम मोदी को बताया भारत की सुरक्षा दीवार, मोदी युग में वैश्विक शक्ति बनने की ओर बढ़ा भारत

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रविवार को गुजरात के विकास के लिए अब तक के सबसे बड़े निवेश की घोषणा कर दी है.

Calendar Last Updated : 11 January 2026, 05:36 PM IST
Share:

गुजरात: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रविवार को गुजरात के विकास के लिए अब तक के सबसे बड़े निवेश की घोषणा कर दी है. राजकोट में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अंबानी ने न केवल राज्य के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को भारत के लिए एक सुरक्षा कवच करार दिया.

अगले 5 साल में ₹7 लाख करोड़ का निवेश

मुकेश अंबानी ने घोषणा की कि रिलायंस अगले पांच वर्षों में गुजरात में अपने निवेश को दोगुना कर देगी. उन्होंने कहा, "पिछले पांच वर्षों में हमने राज्य में ₹3.5 लाख करोड़ का निवेश किया है. अब हम अगले पांच सालों में ₹7 लाख करोड़ का निवेश करेंगे." अंबानी के अनुसार, इस विशाल निवेश से न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे. उन्होंने गर्व से कहा कि "रिलायंस एक गुजराती कंपनी है और गुजरात हमारा शरीर, दिल और आत्मा है."

पीएम के नेतृत्व की जमकर सराहना की

वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता और आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए अंबानी ने पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि आज के दौर में भारत बाहरी झटकों से इसलिए सुरक्षित है क्योंकि हमारे पास 'नरेंद्र भाई मोदी' नाम की एक अजेय सुरक्षा दीवार है. अंबानी ने मोदी युग को भारत के इतिहास का वह समय बताया जब देश केवल आकांक्षाओं तक सीमित न रहकर प्रदर्शन और वैश्विक शक्ति बनने की ओर बढ़ा है.

2036 ओलंपिक के लिए रिलायंस का साथ

अहमदाबाद में 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए भी अंबानी ने हाथ आगे बढ़ाया है. उन्होंने घोषणा की कि रिलायंस फाउंडेशन गुजरात सरकार के साथ मिलकर अहमदाबाद के नारनपुरा में वीर सावरकर मल्टी-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का प्रबंधन करेगा. यह कॉम्प्लेक्स अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीटों को तैयार करने और बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स आयोजित करने का प्रमुख केंद्र बनेगा.

आध्यात्मिकता और आधुनिकता का संगम

वाइब्रेंट गुजरात कॉन्फ्रेंस से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और 'सोमनाथ स्वाभिमान महोत्सव' में हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे. मुकेश अंबानी ने पीएम मोदी को भारत के सभ्यतागत आत्मविश्वास को बहाल करने का श्रेय दिया, जो देश को अगले 50 वर्षों की नई दिशा प्रदान कर रहा है.

सम्बंधित खबर

Recent News