Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: थाईलैंड के फुकेत से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में बीच हवा में अचानक तेज टर्बुलेंस (हवा के दबाव में भारी बदलाव) आ गया। उड़ते विमान की ऊंचाई कुछ ही सेकंड में करीब 300 फीट नीचे गिर गई, जिससे विमान में सवार यात्रियों को जोरदार झटके महसूस हुए। इस अप्रत्याशित घटना के चलते कई यात्री अपनी सीटों से उछल पड़े, जबकि कुछ लोग सामान या आसपास की संरचनाओं से टकराकर घायल हो गए।
केबिन के अंदर मचा हड़कंप
विमान में अचानक आए इस झटके के बाद केबिन के अंदर अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग अनहोनी की आशंका से सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति कुछ देर के लिए काफी तनावपूर्ण हो गई थी।
गंभीर झटकों के बावजूद पायलटों ने सूझबूझ से उड़ान पर नियंत्रण बनाए रखा और विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कराया। विमान के उतरते ही एहतियातन रनवे पर मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस तैनात कर दी गईं।
एयर इंडिया का आधिकारिक पक्ष
घटना की पुष्टि करते हुए एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान के दौरान अचानक और क्षणिक टर्बुलेंस आया था, जिसके कारण विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव दर्ज हुआ। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि सभी सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया गया है। कंपनी ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर जरूरी चिकित्सा और लॉजिस्टिक्स सहायता प्रदान की जा रही है तथा नागरिक उड्डयन अधिकारियों के साथ मिलकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
इस कठिन समय में क्रू मेंबर्स ने अपनी सूझबूज दिखाते हुए यात्रियों को अपनी-अपनी सीटों पर रहने, सीट बेल्ट बांधने और शांत बने रहने की सलाह दी। उनके इस पेशेवर व्यवहार से यात्रियों का घबराना कम हुआ और संभावित बड़ा हादसा टल गया। लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामूली रूप से चोटिल यात्रियों और क्रू मेंबर्स को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि कुछ लोगों को विस्तृत स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।