Courtesy: X/@IPL2025Auction
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन कर सबको प्रभावित करने वाली पंजाब किंग्स अब लगातार हार के कारण प्लेऑफ की दौड़ में पिछड़ती नजर आ रही है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मिली 23 रन की हार ने पंजाब किंग्स की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद टीम का माहौल काफी तनावपूर्ण दिखाई दिया.
मैच खत्म होते ही टीम की सह-मालकिन प्रीति जिंटा मैदान पर पहुंचीं और कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ लंबी बातचीत करती नजर आईं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में उनके चेहरे पर साफ निराशा देखी जा सकती है. फैंस भी इस बातचीत को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
No words💔🥺 pic.twitter.com/HuL0J1Hs1O
— Divyanshi Guptaa🌺 (@Divyanshi__5) May 17, 2026
पंजाब किंग्स ने इस सीजन की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की थी. टीम ने शुरुआती मुकाबलों में लगातार जीत हासिल कर पॉइंट्स टेबल में मजबूत पकड़ बना ली थी. उस समय पंजाब को खिताब का बड़ा दावेदार माना जा रहा था. लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा, टीम का प्रदर्शन कमजोर पड़ता गया. अब हालात ऐसे हो गए हैं कि पंजाब को लगातार छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. आरसीबी के खिलाफ हार के बाद खिलाड़ियों के चेहरे पर भी दबाव साफ दिखाई दे रहा था. इसी दौरान प्रीति जिंटा कप्तान श्रेयस अय्यर से गंभीर चर्चा करती दिखीं. उनकी बॉडी लैंग्वेज और चेहरे के भाव यह संकेत दे रहे थे कि टीम के लगातार खराब प्रदर्शन से वे काफी परेशान हैं.
इससे पहले भी प्रीति जिंटा टीम मैनेजमेंट के साथ गंभीर बातचीत करती नजर आई है. इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार के बाद उनकी हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ बातचीत की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं. अब कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मैदान पर हुई बातचीत ने यह साफ कर दिया है कि फ्रेंचाइजी इस समय काफी दबाव में है. लगातार हार ने टीम के आत्मविश्वास को भी प्रभावित किया है.
आरसीबी से हार के बाद पंजाब किंग्स के 13 मैचों में केवल 13 अंक हैं. हालांकि टीम अभी भी बेहतर नेट रन-रेट की वजह से पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है, लेकिन अब उनका भविष्य पूरी तरह दूसरे मुकाबलों के नतीजों पर निर्भर हो गया है. पंजाब को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपना आखिरी लीग मैच हर हाल में जीतना होगा. सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत जरूरी होगी ताकि नेट रन-रेट मजबूत बना रहे. इसके अलावा टीम को यह भी उम्मीद करनी होगी कि पॉइंट्स टेबल में नीचे मौजूद बाकी टीमें अपने बचे हुए मुकाबले हार जाएं.
आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में नेट रन-रेट कई बार टीमों की किस्मत बदल देता है. पंजाब किंग्स के लिए भी यही स्थिति बन चुकी है. अगर अन्य टीमों के भी समान अंक रहते हैं, तो पंजाब को अपने बेहतर रन-रेट का फायदा मिल सकता है. हालांकि लगातार हार के बाद टीम का आत्मविश्वास कमजोर पड़ा है.
बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में पंजाब किंग्स की टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई है. यही वजह है कि शुरुआती दौर में टॉप पर दिख रही पंजाब अब बाहर होने के खतरे से जूझ रही है. वहीं, पंजाब किंग्स के समर्थक अभी भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि टीम अंतिम मुकाबले में दमदार वापसी करेगी.