Courtesy: ANI
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के सरहद पर ही नहीं बल्कि क्रिकेट के मैदान पर भी एक दूसरे के चिर प्रतिद्वंद्वी हैं. दोनों टीमों के बीच होने वाले मुकाबले दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को रोमांचित करते हैं. लेकिन फैंस इस रोमांच का केवल कुछ लिमिटेड मैच में ही लुत्फ उठा सकते हैं क्योंकि दोनों टीमों के बीच द्विपक्षीय सीरीज हुए एक अरसा हो गया है. इसी बीच आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने कहा कि दोनों टीमों के रिश्ते देखने टीमों के बीच रिश्तों को देखते हुए दोनों के बीच कोई द्विपक्षीय सीरीज होने की कोई संभावना भी नहीं है.
उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी यह बात रखते हुए कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच रिश्ते इस समय तनावपूर्ण हैं. उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बोर्ड पर राजनीतिक प्रभाव काफी ज्यादा है, जिससे क्रिकेट संबंधों को सामान्य करना मुश्किल हो गया है.
ललित मोदी का मानना है कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक स्तर पर तनाव लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में क्रिकेट सीरीज जैसे फैसले लेना आसान नहीं है. उन्होंने कहा कि जब तक हालात में सुधार नहीं होता, तब तक किसी भी तरह की द्विपक्षीय श्रृंखला की उम्मीद करना व्यर्थ है.
उन्होंने PCB के कामकाज को लेकर भी चिंता जताई. उनके मुताबिक, अगर बोर्ड स्वतंत्र रूप से काम करता और उस पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव नहीं होता, तो स्थिति अलग हो सकती थी. लेकिन मौजूदा हालात में क्रिकेट को भी राजनीति से अलग रखना मुश्किल हो गया है.
ललित मोदी ने यह भी कहा कि उन्हें खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है. मैचों के दौरान खिलाड़ियों की भावनाएं और माहौल कभी-कभी तनावपूर्ण हो सकता है, जो सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है.
उन्होंने अतीत को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल किया था, तब 26/11 मुंबई हमले के बाद हालात बदल गए थे. उस घटना के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को बैन कर दिया गया था.