Courtesy: Social Media
नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले माहौल हमेशा गरम रहता है, लेकिन 2026 टी20 विश्व कप से पहले दोनो देशों के बीच जारी विवाद के बाद मैच और रोमांचक दिख सकता है. अब पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने इस रोमांच को और बढ़ा दिया है.
फरहान ने मैच से पहले कुछ ऐसा कह दिया जिसके बाद से यह मैच मैदान पर और भी रोमांचक और मसालेदार होगा. पाक खिलाड़ी का मानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला किसी भी तरह से एकतरफा नहीं होगा और उनकी टीम पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी. फरहान का कहना है कि आंकड़े कहानी का सिर्फ एक हिस्सा बताते हैं, असली तस्वीर मैदान पर दिखेगी.
अगर भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हालिया मुकाबलों पर नजर डालें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है. भारत ने पिछले 10 मैचों में से 8 मैच में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार सफलता मिली है. वहीं एक मैच बेनतीजा रहा. पिछले साल एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैच खेले गए थे लेकिन पाक एक भी मैच में सफलता प्राप्त करने में नाकाम रहा.
हालांकि इन आंकड़ो के बाद भी पाकिस्तान टीम को उम्मीद है कि वह इस टूर्नामेंट में भारत को हरा सकते हैं. पाक खिलाड़ी साहिबजादा फरहान ने साफ कहा कि पिछली बार जब दोनों टीमें एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने थीं, तो मुकाबला आखिरी ओवर तक गया था. उनके मुताबिक, पाकिस्तान ने उस मैच में जमकर टक्कर दी थी और इस बार भी टीम उसी जज्बे के साथ खेलेगी. फैंस को एकतरफा मैच देखने को मिलेगा.
अब अगर भारत के खिलाफ फरहान के व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो वह काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने तीन मैचों में दो अर्धशतक लगाए हैं और इस दौरान उनका औसत भी 50 से ज्यादा रहा है. इन पारियों के दौरान उन्होंने जसप्रीत बुमराह समेत भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया है.
गौरतलब है कि भारत बनाम पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा. इस मैच के लिए दोनो टीमों ने अपनी तैयारी पुख्ता करने में जुटी हुई है. दोनो ही टीमों ने इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मुकाबला नहीं हारा है.