Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की चेतावनी दी थी। दोपहर होते-होते IMD ने दिल्ली के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया। इसके बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।
IMD के रेड अलर्ट जारी करने के कुछ देर बाद ही आसमान में काले बादल छा गए। तेज गरज और बिजली के साथ बारिश ने लोगों को राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की शिकायतें भी आईं। ऑफिस से लौट रहे लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि अभी राहत के आसार नहीं हैं। आज रात को भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
IMD के मुताबिक अभी 3 सिस्टम एक साथ एक्टिव हैं। पहला मॉनसून ट्रफ बीकानेर से दतिया, उत्तरी मध्य प्रदेश होते हुए डाल्टनगंज और दीघा से बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसकी वजह से बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं सीधे दिल्ली तक पहुंच रही हैं।
दूसरा पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में मौजूद है। तीसरा दक्षिण-पूर्वी हिमाचल प्रदेश के पास साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इन्हीं तीनों की वजह से पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में तेज बारिश हो रही है। इसका असर पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-NCR पर भी पड़ रहा है।
मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शाम या रात को भी हल्की फुहारें पड़ने के आसार हैं। 12 और 13 अगस्त को बारिश की तीव्रता थोड़ी कम होगी। इन दोनों दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
स्वतंत्रता दिवस के दिन भी मौसम साफ नहीं रहेगा। 14 अगस्त को सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। दोपहर से शाम तक फिर से हल्की बारिश का अनुमान है।
15 अगस्त को सुबह 4 से 6 बजे के बीच लगभग 5mm बारिश की 70% संभावना है। सुबह 6 से 9 बजे तक 2-3mm बारिश के 60% चांस हैं। दोपहर से शाम तक भी 3mm तक बारिश हो सकती है। 16 अगस्त को भी हल्की बारिश या फुहारें जारी रह सकती हैं।
बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिलेगी। 11 से 13 और 16 अगस्त तक अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के आसपास रहेगा। 14 और 15 अगस्त को पारा थोड़ा और गिरकर 32 से 34 डिग्री तक जा सकता है। IMD ने लोगों से अपील की है कि रेड और येलो अलर्ट के दौरान अनावश्यक रूप से घर से न निकलें।