menu-icon
The Bharatvarsh News

जानिए देश में पेट्रोल-डीजल के दाम घटने को लेकर क्या है सरकार की योजना

अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नीचे आई थीं. लेकिन इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों ने संकट को एक बार फिर गहरा दिया है.

Calendar Last Updated : 21 June 2026, 11:57 AM IST
Share:

नई दिल्ली: वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी भारी उतार-चढ़ाव के बीच भारत के आम उपभोक्ताओं की नजरें पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती पर टिकी हैं. अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नीचे आई थीं. लेकिन इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों ने संकट को एक बार फिर गहरा दिया है. इस भू-राजनीतिक उथल-पुथल और घरेलू बाजार पर इसके असर को लेकर देश के केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्थिति स्पष्ट की है.

महंगे स्टॉक के कारण कटौती में लगेगा थोड़ा समय

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिया कि भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आने की संभावना जरूर है. लेकिन इसमें थोड़ा वक्त लगेगा. उन्होंने तकनीकी कारण स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान में देश की तेल विपणन कंपनियां उस कच्चे तेल को प्रोसेस कर रही हैं. 

जिसे पहले ऊंचे दामों पर खरीदा गया 

केंद्रीय मंत्री ने कहा, कंपनियों के पास फिलहाल महंगे क्रूड ऑयल का पुराना स्टॉक मौजूद है. जैसे ही हाल ही में कम कीमत पर खरीदा गया नया कच्चा तेल भारतीय रिफाइनरियों तक पहुंचेगा, वैसे ही खुदरा कीमतों में कटौती का फायदा आम जनता तक ट्रांसफर किया जा सकता है.

वैश्विक संकट के बावजूद भारत में कीमतें स्थिर

दुनियाभर के ऊर्जा बाजारों में मचे व्यवधान और विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का जिक्र करते हुए पुरी ने घरेलू प्रबंधन की सराहना की. उन्होंने दावा किया कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दामों में आई भारी तेजी के बावजूद भारत में ईंधन की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित और स्थिर रखा गया है. उन्होंने कहा कि अगर हम वैश्विक कीमतों से तुलना करें, तो भारत में पेट्रोल और डीजल के दामों में उस अनुपात में बढ़ोतरी नहीं होने दी गई है.

होर्मुज की नाकेबंदी ने बढ़ाई चिंता

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण पिछले कुछ हफ्तों में वैश्विक तेल बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है. इस संकट की शुरुआत के बाद से भारतीय बाजार में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है. कम समय के भीतर बार-बार हुए इस बदलाव ने देश में परिवहन लागत, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और आम आदमी के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा दिया है.

होर्मुज जलडमरूमध्य' को फिर से बंद कर दिया

चिंता की बात यह है कि इजरायल ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते को मानने से साफ इनकार कर दिया है और ईरान पर अपने हमले जारी रखे हैं. समझौते के तहत अमेरिका को इजरायल पर हमले न करने का दबाव बनाना था. इस विफलता के बाद ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण 'होर्मुज जलडमरूमध्य' को फिर से बंद कर दिया है. यदि यह नाकेबंदी जारी रहती है, तो कच्चे तेल के दाम एक बार फिर आसमान छू सकते हैं. जिससे भारतीय उपभोक्ताओं को सस्ते ईंधन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.

आज कितनी है पेट्रोल की कीमत

दिल्ली में आज एक लीटर पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये पर टिकी है. वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में उपभोक्ताओं को पेट्रोल के लिए 111.18 रुपये प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं. कोलकाता में आज पेट्रोल का भाव 113.51 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है, जबकि चेन्नई में यह 107.77 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो हैदराबाद में पेट्रोल सबसे महंगा यानी 115.73 रुपये प्रति लीटर है और तिरुअनंतपुरम् में इसकी कीमत 115.49 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है.

जयपुर, बेंगलुरू और अन्य राज्य का हाल

इसके अलावा पटना में पेट्रोल का रेट 113.46 रुपये, जयपुर में 112.66 रुपये, बेंगलुरू में 110.93 रुपये और भुवनेश्वर में 108.81 रुपये प्रति लीटर चल रहा है. दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों में गुरुग्राम में पेट्रोल 103.17 रुपये और नोएडा में दिल्ली के बराबर यानी 102.12 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यह 101.89 रुपये और चंडीगढ़ में 101.51 रुपये प्रति लीटर है.

डीजल के रेट

माल ढुलाई और सार्वजनिक परिवहन की लागत तय करने वाले डीजल के दाम भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं. देश की राजधानी नई दिल्ली में आज डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. कोलकाता में डीजल की कीमत 97.83 रुपये, चेन्नई में 99.55 रुपये और बेंगलुरू में 98.80 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है.

पटना में डीजल का भाव

बिहार की राजधानी पटना में डीजल का भाव 99.47 रुपये प्रति लीटर है, जो सौ रुपये के बेहद करीब पहुंच चुका है. वहीं भुवनेश्वर में डीजल की कीमत ने सौ का आंकड़ा पार कर लिया है और यह आज 100.52 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. देश में सबसे महंगा डीजल हैदराबाद और तिरुअनंतपुरम् में बिक रहा है, जहां आज की दरें क्रमश 103.82 रुपये और 104.40 रुपये प्रति लीटर हैं. राजस्थान के जयपुर में डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर है.

गुरुग्राम में डीजल का रेट 

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में डीजल 95.83 रुपये और उत्तर प्रदेश के नोएडा में 95.56 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है. इन सभी शहरों की तुलना में चंडीगढ़ में डीजल काफी सस्ता है, जहां आज उपभोक्ताओं को 89.47 रुपये प्रति लीटर की दर से भुगतान करना पड़ रहा है. अलग-अलग राज्यों में स्थानीय वैट और माल ढुलाई शुल्क भिन्न होने के कारण ही इन कीमतों में अंतर देखने को मिलता है.

सम्बंधित खबर

Recent News