Courtesy: Pinterest
नई दिल्ली: टीवी का मोस्ट अवेटेड शो 'भोजपुरी बवाल' अब स्ट्रीम हो चुका है. शो के अब तक तीन एपिसोड रिलीज किए जा चुके हैं. अपने दमदार कंटेंट की वजह से यह शो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बना हुआ है. इसी बीच शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें पवन सिंह गुस्से में नजर आ रहे हैं. आखिर उनका गुस्सा किस बात पर फूटा, आइए जानते हैं.
'भोजपुरी बवाल' के नए प्रोमो में पवन सिंह काफी नाराज दिखाई दे रहे हैं. प्रोमो की शुरुआत एक शख्स के पवन सिंह से मिलने आने से होती है. कमरे के बाहर मौजूद पुलिसकर्मी उसे रोक लेते हैं और पूछते हैं कि वह कहां जा रहा है.
इसी दौरान पवन सिंह का एक करीबी वहां आता है और उस शख्स से कहता है कि 'सर ने मिलने से मना किया है'. इसके बावजूद वह शख्स जबरदस्ती कमरे के अंदर चला जाता है और कहता है, "सर, मैं जियो की टीम से हूं".
कमरे में पहुंचे जियो की टीम के शख्स से पवन सिंह कहते हैं, मैं एक बार कह चुका हूं कि मुझे यह शो नहीं करना है, तो नहीं करना है. इसके बाद वह कहते हैं, मैं फेक नहीं हूं और न ही दिखावा पसंद करता हूं. मैं जैसा हूं, वैसा ही हूं. गुस्से में पवन सिंह सभी लोगों से कमरे से बाहर जाने के लिए कहते हैं. फिर वह उस शख्स को बाहर निकालते हुए कहते हैं, चल, बाहर निकल. इसके बाद वह कमरे का दरवाजा बंद कर देते हैं.
नया प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, TRP किंग पवन सिंह. वहीं दूसरे ने कहा, पवन भइया को आखिर क्या हो गया? एक अन्य यूजर ने लिखा, पवन भइया को गुस्सा दिलाकर बड़ी गलती कर दी. कई लोगों का कहना है कि पवन सिंह का यह गुस्सा असली है या फिर सिर्फ शो की टीआरपी बढ़ाने के लिए दिखाया गया है. हालांकि, इसके पीछे की असली वजह शो का एपिसोड देखने के बाद ही पता चलेगी. बता दें कि भोजपुरी बवाल रोज रात 9 बजे जियोहॉटस्टार और 10:30 बजे कलर्स चैनल पर प्रसारित होता है.